वायरल न्यूज़

व्यूज और लाइक्स के चक्कर में प्लेटफॉर्म पर कोल्ड ड्रिंक से नहाने लगी महिला, Video वायरल होते ही RPF ने किया गिरफ्तार

कोल्ड ड्रिंक से नहाने की Reel बनाना तीन कंटेंट क्रिएटर्स को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद RPF ने महिला समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया।

Image

स्टेशन पर कोल्ड ड्रिंक से नहाते दिखी महिला (Instagram/@superhumour)

सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल होने के लिए लोग आजकल कुछ भी करने को तैयार नजर आते हैं। इसी तरह के एक मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो को इंस्टाग्राम पर @superhumour नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन के अनुसार, मामला बिहार के बख्तियारपुर जंक्शन का है। जहां रील बनाने के चक्कर में तीन कंटेंट क्रिएटर्स को गिरफ्तार कर लिया गया। इन लोगों ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर एक महिला का कोल्ड ड्रिंक से नहाते हुए वीडियो (Video) बनाया था। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया तो यह तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। तकनीकी जांच के जरिए वीडियो में नजर आ रही महिला की पहचान की गई और इसके बाद तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

प्लेटफॉर्म पर शूट किया गया था वीडियो

बताया जा रहा है कि बख्तियारपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर महिला का वीडियो (Video) शूट किया गया था। वीडियो में वह प्लेटफॉर्म पर कोल्ड ड्रिंक का इस्तेमाल करते हुए नजर आती है। बताया गया कि इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा लाइक्स और व्यूज हासिल करने के मकसद से बनाया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे अधिकारियों की नजर इस पर गई। इसके बाद RPF ने वीडियो से जुड़े लोगों की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू की।

RPF ने ऐसे पकड़ा सुराग

जांच के दौरान RPF ने वीडियो में नजर आ रही महिला की पहचान वर्षा देवी के रूप में की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि स्टेशन परिसर में इसी तरह के कई अन्य वीडियो भी शूट किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने दो अन्य कंटेंट क्रिएटर्स बंटी कुमार और सरिता कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों को बख्तियारपुर RPF पोस्ट लाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

रेलवे एक्ट की धाराओं में केस

मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 145 और 147 के तहत केस दर्ज किया गया है। रेलवे परिसर में इस तरह की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा से जुड़े नियम लागू होते हैं। इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर भी यह मामला चर्चा में आ गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कुछ सेकंड की रील और कुछ लाइक्स के लिए लोग सार्वजनिक जगहों पर इस तरह की हरकत क्यों करते हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article