वायरल न्यूज़

VIDEO: रील के लिए खतरे में डाल दी किसी और की जान, चलती ऑटो से स्टंट करते युवक ने मारी बुजुर्ग को टक्कर

वायरल न्यूज (Viral News): चलते ऑटो से लटककर रील बना रहे युवक ने हाईवे पर एक बुजुर्ग साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

Image

स्टंट करते वक्त हुआ हादसा (X/@neeraj_raathi)

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में लोग आजकल ऐसे-ऐसे स्टंट करने लगे हैं, जो न सिर्फ उनकी बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन जाते हैं। हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक युवक के स्टंट के चक्कर में एक बुजुर्ग हादसे का शिकार हो जाता है।

चलते ऑटो से लटककर बना रहा था वीडियो

वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक युवक तेज रफ्तार से चल रहे ऑटो से बाहर लटका हुआ दिखाई दे रहा है। ऑटो से लटकते हुए वह सड़क पर झूल रहा है और कई तरह की अजीब हरकतें करते हुए रील रिकॉर्ड करवा रहा होता है। हाईवे पर तेज दौड़ते ऑटो के साथ ऐसा स्टंट करना पहले से ही बेहद खतरनाक था, लेकिन कुछ ही सेकंड बाद यह लापरवाही एक हादसे में बदल जाती है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

युवक ने बुजुर्ग साइकिल सवार को गिराया

वीडियो (Video) में आप देख सकते हैं कि ऑटो से लटका युवक अचानक सड़क पर साइकिल चला रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति से टकरा जाता है। टक्कर इतनी तेज होती है कि बुजुर्ग अपना संतुलन खो देते हैं और सड़क पर गिर पड़ते हैं। उनकी साइकिल भी उनके ऊपर आ गिरती है। यह नजारा देखकर किसी का भी दिल दहल सकता है।

टक्कर मार भागा युवक

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हादसे के बाद ऑटो नहीं रुका। युवक और ऑटो चालक दोनों बिना पीछे देखे आगे निकल गए, मानो कुछ हुआ ही न हो। हालांकि, उनके पीछे आ रहे एक बाइक सवार ने इंसानियत दिखाई। उसने तुरंत अपनी बाइक रोकी, बुजुर्ग के पास पहुंचा और उन्हें उठाने में मदद की। आसपास मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर मदद की।

वायरल वीडियो देखकर लोगों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को कई लोगों ने शेयर भी किया है। हमने यह वीडियो सोशल साइट एक्स पर पोस्ट @neeraj_raathi नाम के अकाउंट से लिया है। इस वीडियो (Video) को देखने के बाद लोग गुस्से में हैं और उस स्टंट करने वाले युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी सामने आए हैं। जहां कई यूजर्स का कहना है कि आजकल कुछ लोग सिर्फ लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी और दूसरों की जान खतरे में डाल रहे हैं। वहीं, कई अन्य लोगों का मानना है कि सड़कों को स्टंट करने की जगह नहीं बनानी चाहिए। जबकि कई लोगों ने मांग की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए ऐसी गैर-जिम्मेदार हरकत करने की हिम्मत न करे।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article