Viral Video: कहते हैं अगर मन में सच्ची श्रद्धा और इरादों में मजबूती हो, तो बड़ी से बड़ी शारीरिक बाधाएं भी इंसान का रास्ता नहीं रोक सकती। इस बात को सच साबित कर दिखाया है उत्तर प्रदेश की रहने वाली ज्योति ने। हाल ही में जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) के उधमपुर से गुजरती ज्योति की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हर देखने वाले का दिल जीत लिया है और सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर दिया है। आलम ये है कि लोग दिव्यांग ज्योति की भक्ति की जमकर तारीफ कर रहे हैं और उसके जज्बे को सलाम भी कर रहे हैं।
ट्रेन हादसे में खोए थे दोनों पैर
जानकारी के मुताबिक, एक भीषण ट्रेन दुर्घटना में ज्योति ने अपने दोनों पैर गंवा दिए थे। जीवन के इस सबसे बड़े झटके के बाद भी उन्होंने अपनी हिम्मत और आस्था का साथ नहीं छोड़ा। वह हर साल माता मचैल के दर्शनों के लिए निकलती हैं और इस बार भी वह अपने मजबूत हौसलों के दम पर हाथ से चलने वाली ट्राइसाइकिल पर सवार होकर यात्रा कर रही हैं। ज्योति की इस कठिन यात्रा में उनके साथ सिर्फ उनकी भक्ति ही नहीं, बल्कि उनके तीन अनोखे साथी भी मौजूद हैं। ज्योति की मां जो हर मोड़ पर ज्योति का हौसला बढ़ा रही हैं। वहीं, बंदर 'बजरंगी'जो ट्राइसाइकिल पर बैठकर यात्रा का आनंद ले रहा है और ज्योति का मनोरंजन कर रहा है। इसके अलावा उनका तीसरा साथी कुत्ता 'कालू'जो रास्ते भर ट्राइसाइकिल के साथ-साथ वफादारी से पैदल चलता नजर आता है। देखें वीडियो...
सोशल मीडिया पर मिल रहा है खूब प्यार
उधमपुर हाईवे से गुजरती ज्योति की इस यात्रा के वीडियो सामने आते ही वायरल हो गए हैं। लोग ज्योति के इस अटूट विश्वास, जज्बे और उनके मूक जानवरों के प्रति प्रेम की जमकर सराहना कर रहे हैं। इतना ही नहीं ज्योति का यह सफर हमें सिखाता है कि अगर इरादे बुलंद हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। तो इस वीडियो पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है जरूर बताएं।
