आज का वायरल वीडियो (13-NOV-2025): सोचिए आप अपनी कार चला रहे हों और आपको कार के साइड मिरर से एक सांप निकलते दिखाई दे। यह देखकर हर किसी के प्राण सूख जाएंगे। हाल में कुछ ऐसा ही हुआ एक कार ड्राइवर के साथ जिसके कार के साइड मिरर से एक सांप निकलते दिखा। यह भयावह मंजर देख कार वाले ने इस घटना का वीडियो अपने कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
साइड मिरर से निकला सांप
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @karnatakaportf नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक 11 लाख लोगों ने देखा और सैकड़ों लोगों ने इसे लाइक किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह घटना तमिलनाडु के नमक्कल-सलेम रोड की बताई जा रही है। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि कार ड्राइवर गाड़ी चला रहा था, तभी कार के साइड मिरर से एक सांप बाहर निकलने लगा। व्यस्त सड़क पर कार लेकर निकले ड्राइवर ने कार के साइड मिरर में अजीब सी हलचल देखी और वह हैरान रह गया। वीडियो के कैप्शन में लिखा था कि, "ड्राइवर को चलते हुए साइड मिरर में छिपा सांप मिला। गनीमत रही कि उसे सुरक्षित निकाल लिया गया, नहीं तो बड़ा खतरा हो जाता।"
कार ड्राइवर ने शेयर किया यह वीडियो
वीडियो में दिख रहा है कि सांप मिरर से नीचे लटकते हुए बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है। सांप छोटा था और शायद मिरर में वह फंस गया था। ड्राइवर ने चलती कार में सांप का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस नजारे को देख पास से गुजरने वाले लोग देखकर हैरान हो गए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
लोगों के लिए चेतावनी
वीडियो को देख लोगों ने कमेंट सेक्शन में एक चेतावनी भी दी और लिखा, "गाड़ी शुरू करने से पहले अच्छे से चेक करें, खासकर लंबे समय तक पार्किंग के बाद या घास-फूस वाले इलाकों में।" ऐसे हादसे ठंड या बारिश के मौसम में ज्यादा होते हैं। सांप और छोटे जानवर गर्मी और छिपने की जगह ढूंढते हैं। वे इंजन के नीचे, पहियों के आर्च में या साइड मिरर जैसे छिपे हिस्सों में घुस जाते हैं। सलाह है कि गाड़ी के बोनट के नीचे, पहियों के आसपास और मिरर को अच्छे से देखें। कुछ मिनट की सावधानी बड़ा खतरा टाल सकती है।
वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रिया
इस वीडियो को देखकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। कोई इसका मजाक उड़ा रहा है तो कोई डरा हुआ है। जैसे एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "मिरर में दिखने वाली चीजें उतनी जहरीली हैं जितनी लगती हैं।" दूसरे ने कहा, "यह ब्लाइंड स्पॉट नहीं, बाइट स्पॉट है।" तीसरे ने चेताया, "ड्राइवर को तुरंत रुकना चाहिए था। अगर सांप उड़कर पास की बाइक पर गिरता तो जानलेवा हो जाता।" चौथे ने कहा, "धन्यवाद चेतावनी के लिए, अब गाड़ी चेक करके ही चलूंगा।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
