आज का वायरल वीडियो (08-NOV-2025): कहते हैं कि जानवरों के दिल में भी इंसानों जैसी भावनाएं बसती हैं। दर्द हो तो चीखते हैं। मदद की जरूरत हो तो रास्ता खुद तलाश लेते हैं। लेकिन कभी-कभी उनकी यह बेजुबान अपील इतनी मार्मिक हो जाती है कि इंसान का दिल पसीज जाता है। हाल में ही सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुरी तरह घायल आवारा कुत्ता लंगड़ाते हुए खुद ही पशु चिकित्सालय पहुंच जाता है। सीसीटीवी कैमरे में कैद इस पूरी घटना ने सोशल मीडिया यूजर्स की आंखें नम कर दी।
दर्द भरी चाल के साथ अस्पताल पहुंचा कुत्ता
वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक पशु अस्पताल के गेट पर एक काला आवारा कुत्ता अपनी दर्द भरी चाल के साथ अस्पताल के अंदर दाखिल होता है। कुत्ते के पिछले पैर पर गहरी चोट लगी हुई है; वह धीरे-धीरे लंगड़ाते हुए अस्पताल के अंदर घुसता है। उसकी चाल इतनी दर्दनाक है कि देखने वाले का दिल बैठ जाए। कुत्ता अपने पैरों को घसीटते हुए किसी तरह गेट पार करता है और चुपचाप वेटिंग एरिया में बैठ जाता है, मानो उसे पता हो कि यहीं उसकी मदद की जाएगी।
अस्पताल पहुंचा और डॉक्टर का इंतजार करने लगा
कुत्ता न भौंकता है, न किसी को तंग करता है, वह बस शांत भाव से डॉक्टर के आने का इंतजार करता रहता है। कुछ ही मिनटों में अस्पताल के स्टाफ की नजर कुत्ते पर पड़ती है। एक नर्स पहले तो चौंक जाती है, लेकिन फिर मुस्कुराते हुए कुत्ते के पास जाती है। वह उसे धीरे से छूती है, जैसे पूछ रही हो, "क्या हुआ भाई?" कुत्ता बिल्कुल शांत रहता है, न भागता है न डरता है। स्टाफ नर्स कुत्ते के घाव की जांच करती है और फिर वह उसे तुरंत डॉक्टर के कमरे में ले जाती है। जहां एक महिला डॉक्टर कुत्ते को गोद में उठाती हैं और उसके घाव की जांच करती हैं। डॉक्टर प्यार से घाव की सफाई करती हैं, एंटीसेप्टिक लगाती हैं और पट्टी बांधती हैं। पूरा प्रोसेस कुत्ता बिना हिले-डुले सह लेता है, जैसे उसे भरोसा हो कि ये लोग उसका भला ही करेंगे। वीडियो में कुत्ते के गहरी चोट को देख यह कहा जा सकता है कि उसका घाव गहरा है या फिर शायद किसी वाहन ने उसे कुचल दिया हो।
वायरल हो रहा यह मार्मिक वीडियो
अस्पताल का यह मार्मिक दृश्य वहीं पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @gunsnrosesgirl3 नामक यूजर ने शेयर किया है। कैप्शन में लिखा है, "आवारा कुत्ता अपने घायल पंजे को घसीटते हुए डॉक्टर के पास गया और खुद ही मदद और इलाज की मांग की।" वीडयो को अब तक लाखों व्यूज और हजारों भावुक कमेंट्स मिल चुके हैं। वीडियो पर तमाम लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। उनके कमेंट्स को पढ़कर ऐसा लग रहा है जैसे यह सिर्फ एक वीडियो नहीं, बल्कि एक सबक है।
लोगों के भावुक कमेंट्स
जैसे वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "यह देखकर आंखें नम हो गईं। जानवरों को भी इंसानों पर इतना भरोसा!" वहीं, दूसरे ने कहा, "यहीं मानवता का असली चेहरा है। अस्पताल वालों को सलाम!" कई लोग तो इसे शेयर करते हुए लिख रहे हैं, "इंसानियत सिर्फ इंसानों में नहीं, कभी-कभी एक घायल जानवर भी हमें सिखा जाता है कि भरोसा और प्यार सबसे बड़ी ताकत है।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
