सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल होने के लिए जरूरी नहीं कि आपके पास महंगा कैमरा, बड़ा स्टूडियो या कोई शानदार लोकेशन हो। अगर आपके अंदर टैलेंट और कुछ अलग करने का जुनून है, तो गांव की गलियां और खेत भी आपकी पहचान बन सकते हैं। झारखंड के एक युवा किसान ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। खेतों में नंगे पैर काम करने वाला यह युवक जब स्टाइलिश कपड़े पहनकर कैमरे के सामने आता है, तो लोग उसके अंदाज के दीवाने हो जाते हैं।
खेती के साथ फैशन का जलवा
हम बात कर रहे हैं झारखंड के सिमडेगा जिले के अघर्मा गांव में रहने वाले 24 वर्षीय निशांत केरकेट्टा (Nishant Kerketta) की। सोशल मीडिया पर निशांत की फैशन रील्स खूब पसंद की जा रही हैं। उनकी एक रील को 1.13 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिलने की जानकारी सामने आई है। अब लोग उन्हें प्यार से 'ऑरा फार्मर' कह रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
खेतों में काम करते-करते दिखाते हैं गजब का स्वैग
निशांत की रील्स की सबसे खास बात उनका अनोखा अंदाज है। वीडियो (Video) की शुरुआत में वह गांव के खेतों में काम करते दिखाई देते हैं। कभी वह नंगे पैर धान के खेत में चलते हैं, तो कभी हाथ में बीज डालने वाली टोकरी लेकर नजर आते हैं लेकिन अगले ही पल उनका पूरा लुक बदल जाता है। वह स्टाइलिश शर्ट, चौड़ी पैंट, धूप का चश्मा और शानदार घड़ी पहनकर कैमरे के सामने पोज देने लगते हैं। कभी उनका अंदाज एकदम कैजुअल होता है, तो कभी वह ब्लेजर, पैंट और टाई पहनकर किसी कॉर्पोरेट प्रोफेशनल जैसे नजर आते हैं। यही बदलाव लोगों को खूब पसंद आ रहा है। एक तरफ गांव की मिट्टी और खेत हैं, तो दूसरी तरफ निशांत का शानदार फैशन सेंस। उनके वीडियो में किसी महंगे स्टूडियो की जगह गांव के घर, पेड़, सड़क और नदी जैसे आम नजारे दिखाई देते हैं।
एक रील ने बदल दी पहचान
निशांत की 5 अक्टूबर 2026 को पोस्ट की गई 'Indian farmer starting fashion' नाम की रील ने खास तौर पर लोगों का ध्यान खींचा। इस वीडियो में वह उन धारणाओं को चुनौती देते नजर आते हैं, जिनके मुताबिक गांव के लड़कों को फैशन की ज्यादा समझ नहीं होती। उनकी रील को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स ने दिखा दिया कि स्टाइल का किसी शहर या गांव से कोई लेना-देना नहीं है। सही कपड़ों का चुनाव और उन्हें पहनने का अपना अंदाज ही किसी के लुक को खास बना सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, निशांत के इंस्टाग्राम अकाउंट @nishant_kerketta_1 पर 41 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। वह खेती, फिटनेस और फैशन को मिलाकर कंटेंट बनाते हैं।
बॉलीवुड सितारे भी हुए स्टाइल के फैन
निशांत के वीडियो (Video) पर आम सोशल मीडिया यूजर्स ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड से जुड़ी हस्तियों ने भी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने उनके वीडियो पर 'क्या बात है' लिखकर तारीफ की। वहीं शिबानी दांडेकर ने उनके स्टाइल को पसंद किया और अनुषा दांडेकर ने भी उनके लुक की सराहना की। सोशल मीडिया पर लोग उनके अंदाज को लेकर मजेदार कमेंट भी कर रहे हैं। कोई उन्हें 'ऑरा फार्मर' कह रहा है, तो कोई लिख रहा है कि भाई खेती के साथ-साथ अपना स्टाइल भी शानदार रखता है।
खेती के साथ फैशन का भी रखते हैं शौक
निशांत की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि वह सिर्फ सोशल मीडिया (Soial Media) पर वीडियो बनाने तक सीमित नहीं हैं। वह खेती करते हैं और परिवार की जिम्मेदारियां भी निभाते हैं। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने रांची में एक छोटा किराना स्टोर भी खोला था। बताया जाता है कि पहले उनकी दिलचस्पी वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर बनने में थी। बाद में कपड़ों को नए तरीके से पहनने और स्टाइल करने का विचार आया, जिसके बाद उन्होंने फैशन रील्स बनानी शुरू कर दीं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
