सोशल मीडिया (Social Media) पर घरों के टूर वाले वीडियो अक्सर वायरल होते हैं। कभी किसी का आलीशान घर चर्चा में आता है तो कभी किसी छोटे और अनोखे घर की तस्वीरें वायरल हो जाती हैं लेकिन जापान के एक 40 साल पुराने घर का वीडियो अपनी सादगी की वजह से लोगों को काफी पसंद आ रहा है। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @_vacationer_ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक जापान में रहने वाली एक महिला से उनके घर का टूर कराने की रिक्वेस्ट करते नजर आता है। महिला भी मुस्कुराते हुए इसके लिए तैयार हो जाती है और वह उसे अपने घर का टूर कराने के लिए ले जाती है। हालांकि, वह मजाक ही मजाक में पहले ही कह देती हैं कि उसका घर थोड़ा सा बिखरा हुआ है।
गेट से ही दिखी जापानी सादगी
जैसे ही घर का टूर शुरू होता है, इसकी पारंपरिक खूबसूरती नजर आने लगती है। घर करीब 40 साल पुराना बताया गया है। अंदर पारंपरिक टाटामी फ्लोरिंग दिखाई देती है। टाटामी जापानी घरों में इस्तेमाल होने वाली खास तरह की चटाई होती है। घर में लकड़ी का इस्तेमाल भी काफी दिखाई देता है। डिजाइन बहुत ज्यादा चमकदार या आधुनिक नहीं है, लेकिन इसमें एक अलग तरह की शांति और सादगी नजर आती है। महिला बताती हैं कि घर के मुख्य कमरे में वह और उनके पति शाम को बैठकर टीवी देखते हैं। यानी घर भले ही पुराना हो, लेकिन उसमें आज भी उनकी रोजमर्रा की जिंदगी आराम से चल रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
किचन से गार्डन तक दिखाया घर
टूर के दौरान महिला घर का किचन, गार्डन और सीढ़ियां भी दिखाती हैं। इसके अलावा घर का पारंपरिक जापानी स्टाइल वाला बाथरूम भी देखने को मिलता है। घर का आकार देखकर युवक मजाक में महिला से पूछता है कि क्या वह यहां अकेली रहती हैं। इस पर महिला हंसते हुए जवाब देती हैं कि अकेले रहने के लिए घर बहुत बड़ा है, इसलिए उनके पति भी साथ में रहते हैं। इसके बाद उनके पति युसुके भी कैमरे के सामने आते हैं और मुस्कुराते हुए हैलो करते हैं।
भारत से कितना अलग है जापानी घर?
भारत में अक्सर घरों को बड़े परिवार और ज्यादा सामान को ध्यान में रखकर बनाया जाता है। वहीं जापानी घरों में कम जगह का बेहतर इस्तेमाल, सादगी और प्रकृति के करीब रहने पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। टाटामी, लकड़ी, स्लाइडिंग दरवाजे और छोटे गार्डन जैसी चीजें पारंपरिक जापानी घरों की खास पहचान मानी जाती हैं।
घर से ज्यादा कपल ने जीता दिल
वीडियो वायरल (Viral Video) होने के बाद लोगों ने सिर्फ घर की तारीफ नहीं की, बल्कि इस कपल के शांत और विनम्र व्यवहार को भी खूब पसंद किया। कई यूजर्स ने उनके अंदाज को दिल जीतने वाला बताया। कुल मिलाकर, 40 साल पुराने इस घर का वीडियो दिखाता है कि खूबसूरती हमेशा महंगे सामान और चमकदार इंटीरियर में नहीं होती। कभी-कभी सादगी, अपनापन और घर से जुड़ी पुरानी यादें ही उसे सबसे खास बना देती हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
