सोशल मीडिया (Social Media) पर हर दिन हजारों वीडियो वायरल होते हैं, लेकिन कुछ वीडियो ऐसे होते हैं जो लोगों को हंसाने या हैरान करने के बजाय सीधे दिल को छू जाते हैं। कर्नाटक के बेलगावी के 16 साल के नरहरि गुलबानी का एक ऐसा ही वीडियो (Video) इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो में नरहरि कैमरे के सामने अपनी झिझक का सामना करते हुए दिखाई देता है।
बोलने में लड़के को होती थी झिझक
नरहरि ने अपना व्लॉग शुरू करते हुए कैमरे की तरफ देखकर बताया कि वह अपनी सोशल एंग्जायटी यानी लोगों के बीच जाने और उनसे बात करने में होने वाली झिझक को दूर करने की कोशिश कर रहा है। वह यह भी बताता है कि वह इस बात की चिंता कम करना चाहता है कि दूसरे लोग उसके बारे में क्या सोचेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
अटकती आवाज के बावजूद बनाया वीडियो
इसके बाद जब नरहरि बोलना शुरू करता है तो कई जगह उसकी आवाज अटक जाती है। वह कुछ शब्दों को बोलने में रुकता है और वीडियो में उसकी झिझक साफ नजर आती है। ऐसी स्थिति में कोई भी व्यक्ति शायद कैमरा बंद कर देता या रिकॉर्डिंग रोक देता। लेकिन नरहरि ने ऐसा नहीं किया। वह रुक-रुककर अपनी बात कहता रहा और कैमरा बंद नहीं किया। यही बात इस वीडियो को खास बनाती है। उसकी आवाज भले ही कई बार अटकी, लेकिन अपनी बात कहने की कोशिश उसने नहीं छोड़ी।
वीडियो देख लोगों ने बढ़ाया लड़के का हौसला
वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर शेयर होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने नरहरि का हौसला बढ़ाया। लोगों ने उसकी कोशिश की तारीफ करते हुए कहा कि डर या झिझक के बावजूद खुद को सामने लाना आसान नहीं होता। कई यूजर्स ने उसे इसी तरह वीडियो बनाते रहने और दूसरे लोग क्या सोचेंगे, इसकी ज्यादा चिंता न करने के लिए कहा। यह वीडियो (Video) एक्स पर अनुष्का नाम की यूजर ने शेयर किया था। उन्होंने इसे देखने के बाद भावुक होने की बात कही। इसके बाद वीडियो तेजी से दूसरे लोगों तक पहुंच गया। ‘द स्लो मूवमेंट’ के संस्थापक नीलेश मिश्रा ने भी वीडियो शेयर कर नरहरि का हौसला बढ़ाया और उसे व्लॉगिंग जारी रखने की सलाह दी। वीडियो को अब तक बड़ी संख्या में लोग देख चुके हैं। कमेंट्स में कई लोगों ने नरहरि के लिए शुभकामनाएं दीं और उसकी हिम्मत की तारीफ की।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
