हवाई जहाज में लंबी यात्रा के दौरान समय बिताने के लिए लोग अक्सर फिल्में या वेब सीरीज देखते हैं लेकिन अगर फिल्म हॉरर हो, तो कभी-कभी उसका डर इतना ज्यादा हो सकता है कि आसपास बैठे लोग भी परेशान हो जाएं। ऐसा ही कुछ एक फ्लाइट में हुआ, जहां एक यात्री हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ देख रहा था। फिल्म का डरावना सीन आते ही यात्री इतनी जोर से चीखा कि पास में सो रहा एक बच्चा भी जाग गया।
फ्लाइट में फिल्म देखना पड़ा भारी
इस पूरी घटना का वीडियो (Video) अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को इंस्टाग्राम पर @niminomusic नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो में एक यात्री अपनी सीट पर हेडफोन लगाकर फिल्म देखने में पूरी तरह डूबा हुआ दिखाई देता है। आसपास का माहौल भी शांत नजर आता है। अचानक फिल्म में कुछ ऐसा होता है कि यात्री जोर से चीख पड़ता है। उसका रिएक्शन इतना तेज होता है कि वह सीट से लगभग उछल जाता है। उसकी चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग भी चौंक जाते हैं। वहीं पास में सो रहा एक बच्चा भी जाग जाता है और रोने लगता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
फिल्म के एक्टर ने मांगी माफी
वीडियो के वायरल होने के बाद इस पर लोगों की खूब प्रतिक्रियाएं आ रही हैं लेकिन इस मामले को और मजेदार बना दिया फिल्म के अभिनेता माइकल जॉनस्टन ने। वायरल वीडियो (Viral Video) पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने बच्चे से मजाकिया अंदाज में माफी मांगी। उन्होंने लिखा कि हंसी के लिए धन्यवाद और बच्चे से माफी चाहता हूं। वीडियो पर कुछ यूजर्स ने कहा कि वे भी फ्लाइट में हॉरर फिल्म देखने की हिम्मत नहीं करेंगे। वहीं कुछ लोगों ने यात्री के रिएक्शन को बेहद मजेदार बताया।
लोगों को काफी पसंद आई फिल्म ‘ऑब्सेशन’
बता दें कि ‘ऑब्सेशन’ साल 2025 में आई अमेरिकी सुपरनेचुरल हॉरर फिल्म है। इसका निर्देशन करी बार्कर ने किया है और माइकल जॉनस्टन इसमें बेयर का किरदार निभाते हैं। फिल्म की कहानी प्यार, जुनून और डरावनी घटनाओं के आसपास घूमती है। जिस सीन पर यात्री डर गया, वह फिल्म के सबसे चौंकाने वाले पलों में से एक बताया जा रहा है। इस सीन को देखकर दर्शक अचानक डर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
