Noida Traffic Update: DND फ्लाईवे पर गुरुवार दोपहर एक बार फिर मरम्मत कार्य किया जाएगा, जिसके कारण दिल्ली से नोएडा की ओर आने वाले वाहनों को सीमित लेन से गुजरना होगा। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक इस मार्ग पर सिर्फ दो लेन ही चालू रहेंगी। यातायात पुलिस ने बताया कि नोएडा टोल ब्रिज कंपनी लिमिटेड सड़क की रिसरफेसिंग का काम कर रही है। गुरुवार को भी दिल्ली से नोएडा की ओर उतरने वाले लूप पर रिसरफेसिंग होगी, जिसकी वजह से यातायात प्रभावित रहेगा। DCP ट्रैफिक, डॉ. प्रवीन रंजन ने कहा कि मौके पर अतिरिक्त पुलिसबल तैनात रहेगा ताकि वाहन चालकों को कम से कम परेशानी हो।
चार से पांच लाख वाहन रोज गुजरते हैं
DND फ्लाईवे से हर दिन करीब 4-5 लाख वाहन गुजरते हैं। ऐसे में मरम्मत के दौरान ट्रैफिक लोड बढ़ने की आशंका है, खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में। पुलिस ने कहा कि जाम की स्थिति से निपटने के लिए ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती बढ़ाई जाएगी। बता दें, कि पिछले महीने DND फ्लाईवे पर सड़क की मरम्मत और रीसरफेसिंग का काम शुरू हुआ था, जिसके चलते काम के दौरान दो लेन बंद रहने से आने वाले दिनों में ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी।
वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि मरम्मत कार्य के दौरान यथासंभव वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। इससे DND पर वाहनों का दबाव कम होगा और जाम की स्थिति में सुधार आएगा। अधिकारियों ने कहा कि इस दौरान वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर निकलना चाहिए और यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना चाहिए, जिससे यात्रा सुगम रह सके।
