उत्तर प्रदेश

Noida Traffic Advisory: भीमराव अंबेडकर परिनिर्वाण दिवस पर बदलेंगे कई रूट, भारी वाहनों पर लगी रोक; हेल्पलाइन नंबर हुआ जारी

Noida Traffic Advisory: डॉ. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस यानी 6 दिसंबर, शनिवार को नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल, सेक्टर-95 में श्रद्धांजलि सभा में बड़ी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुबह 6 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक यह प्रतिबंध लागू रहेगा। ट्रैफिक से जुड़ी किसी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

Image

राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर कल आ सकती है भारी भीड़ (सांकेतिक तस्वीर)

Photo : Times Now Digital

Noida Traffic Diversion: डॉ. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर होने वाली श्रद्धांजलि सभा को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार के लिए व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। बता दें कि डॉ. अंबेडकर का परिनिर्वाण दिवस 6 दिसंबर को होता है और इस दिन राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल, सेक्टर-95 में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिसके चलते गाड़ियों की आवाजाही में दिक्कत से बचने के लिए कई मार्गों में अस्थाई बदलाव किए गए हैं।

इन रास्तों पर गाड़ियों का प्रवेश बंद

डीसीपी ट्रैफिक प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि 6 दिसंबर को सुबह 6 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और सेक्टर 60 एलिवेटेड रोड पर हल्के, मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

गाड़ियों के लिए वैकल्पिक मार्ग

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहनों को कालिंदी कुंज, सेक्टर 37, सेक्टर 18, सेक्टर 16 एवं चिल्ला बॉर्डर की तरफ भेजा जाएगा। ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर आने वाला वाहन यातायात महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर 37 की तरफ डायवर्ट होगा। इसी तरह, बर्ड फीडिंग प्वाइंट से फिल्म सिटी फ्लाईओवर की ओर से सेक्टर 18 की ओर भी डायवर्जन रहेगा। नोएडा एलीवेटेड रोड से दलित प्रेरणा स्थल की ओर जाने वाले वाहनों को सेक्टर 28 कार मार्केट के पास से मोड़कर सेक्टर 15 और चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि आपातकालीन सेवाओं जैसे, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट मिली है ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत कार्य प्रभावित न हो।

कार्यक्रम में बड़ी भीड़ की संभावना

बीएसपी गौतम बुद्ध नगर अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद नोएडा के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, जबकि बसपा प्रमुख मायावती लखनऊ के आयोजन में उपस्थित रहेंगी। उन्होंने बताया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद, मेरठ सहित कई शहरों से हजारों लोग कार्यक्रम में पहुंचेंगे।

ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर हुआ जारी

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। किसी भी ट्रैफिक संबंधी समस्या या सहायता के लिए नोएडा ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article