उत्तर प्रदेश

Jalaun: इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की मौत के मामले में नया मोड़; महिला कांस्टेबल की गिरफ्तारी से बढ़ी सनसनी

जालौन के कुठौंद थाने में निरीक्षक अरुण कुमार राय की रहस्यमयी मौत ने पूरे पुलिस विभाग को हिला दिया है। प्रारंभिक रूप से आत्महत्या समझे गए मामले ने तब नया मोड़ लिया, जब घटनास्थल पर संदिग्ध हालात और एक महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी सामने आई। अब आरोपी आरक्षी मीनाक्षी शर्मा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत की असली वजह तलाश रही है।

Woman constable arrested in connection with the death of Inspector Arun Kumar Rai

इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की मौत के मामले में महिला कांस्टेबल की गिरफ्तारी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jalaun News: जालौन के कुठौंद थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार राय की मौत के मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में नामजद आरोपी, डायल-112 में तैनात आरक्षी मीनाक्षी शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। शुक्रवार रात थाना परिसर में स्थित सरकारी आवास में निरीक्षक अरुण राय की मौत सर्विस पिस्टल से गोली लगने पर हुई थी। शुरुआत में इसे आत्महत्या माना गया, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां, दो जगह गोली के निशान मिलना और एक महिला के आवास से बाहर भागने की जानकारी सामने आने के बाद मामला संदिग्ध हो गया।

क्या कहा इंस्पेक्टर अरुण राय की पत्नी ने?

मृतक इंस्पेक्टर अरुण राय की पत्नी, माया राय ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे हत्या करार दिया। उन्होंने आरक्षी मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। माया राय का कहना है कि उनके पति की मौत में मीनाक्षी की भूमिका बेहद संदेहास्पद है और उस पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद मीनाक्षी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी गई।

आरक्षी मीनाक्षी शर्मा की औपचारिक गिरफ्तारी

रविवार को कुठौंद थाना पुलिस ने आरक्षी मीनाक्षी शर्मा को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसका अनिवार्य मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके उपरांत कड़ी सुरक्षा में उसे थाने से कोर्ट तक ले जाया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने पर अदालत ने मीनाक्षी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का निर्देश दिया। आदेश के बाद पुलिस उसे उरई स्थित जिला जेल लेकर पहुंची, जहां आगे की कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

आवास के आसपास देखा गया आरक्षी को

सूत्रों के अनुसार, आरोपी आरक्षी मीनाक्षी शर्मा मूल रूप से मेरठ जिले की रहने वाली है और हाल ही में जालौन में डायल-112 की ड्यूटी पर तैनात थी। घटना की रात उसे इंस्पेक्टर राय के सरकारी आवास के आसपास देखा गया था, जिसके बाद उसकी मौजूदगी और व्यवहार को लेकर संदेह पैदा हो गया। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि घटना के समय मीनाक्षी वहां क्यों थी, क्या दोनों के बीच किसी प्रकार की कहासुनी हुई थी या फिर मामला किसी व्यक्तिगत विवाद से संबंधित है।

आत्महत्या या मौत

एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार के अनुसार, मामले की जांच वैज्ञानिक तरीकों और फोरेंसिक निष्कर्षों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है कि इंस्पेक्टर अरुण राय की मौत आत्महत्या थी या किसी ने उनकी हत्या की, साथ ही घटना के असली कारणों की भी गहन पड़ताल की जा रही है। इधर इंस्पेक्टर राय की मौत ने पुलिस विभाग में शोक के साथ कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। परिवार न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है, जबकि पुलिस टीम हर संभावित पहलू से मामले की जांच में लगी है।

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article