लखनऊ से सहारनपुर का सफर होगा आसान, कल से गोमतीनगर से दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
- Authored by: Pooja Kumari
- Updated Dec 8, 2025, 12:54 PM IST
लखनऊ से सहारनपुर के बीच सफर करने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन 9 दिसंबर से शुरू होगा। यह ट्रेन गोमतीनगर स्टेशन से चलकर 8 घंटे 55 मिनट में सहारनपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन का किराया और टाइमिंग क्या है, आइए जानते हैं।
वंदे भारत एक्सप्रेस (फाइल फोटो | istock)
Gomtinagar–Saharanpur Vande Bharat Express: लखनऊ से सहारनपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार 9 दिसंबर से पटरी पर दौड़ेगी। यह ट्रेन लखनऊ के गोमतीनगर स्टेशन से दोपहर में संचालित होगी और 8 घंटे 55 मिनट में अपना सफर पूरा करेगी। वापसी में यह ट्रेन सहारनपुर से सुबह करीब 5 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सोमवार को छोड़कर सप्ताह के सभी दिन चलेगी। ट्रेन में टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।
गोमतीनगर-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब एक महीने पहले हरी झंडी दिखाई थी। इस ट्रेन को पहले लखनऊ जंक्शन से सुबह के समय चलाने की तैयारी थी। लेकिन अब यह गोमतीनगर से अपना सफर शुरू करेगी। रास्ते में यह डालीगंज, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, नजीबाबाद और रुड़की होते हुए सहारनपुर पहुंचेगी।
गोमतीनगर-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया
ट्रेन नंबर 26504 गोमतीनगर-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में चेयरकार का किराया 1460 रुपये और एग्जीक्यूटिव श्रेणी का किराया 2685 रुपये है। ट्रेन नंबर 26503 सहारनपुर-गोमतीनगर एक्सप्रेस में चेयरकार का किराय 1530 रुपये और एग्जीक्यूटिव श्रेणी का किराया 2750 रुपये है। यह ट्रेन लखनऊ से सीतापुर की 80 किमी की दूरी 1:05 घंटे में पूरा करेगी। जिसका किराया चेयरकार के लिए 495 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 930 रुपये तय किया गया है।
गोमतीनगर-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का समय
गोमतीनगर-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन गोमतीनगर से दिन में 3:10 बजे शुरू होगा। यह डीलागंज में 3:28 PM, सीतापुर में 4:33 PM, शाहजहांपुर में 6:08 PM, बरेली में 7:05 PM, मुरादाबाद में 8:35 PM, नजीबाबाद में 9:54 PM, रुड़की में 10:42 PM और सहारनपुर में 11:50 PM बजे पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन सहारनपुर से सुबह 5:05 बजे रवाना होगी और दोपहर में 2:05 बजे पहुंचेगी।
ट्रेन के संचालन में क्यों हुई देरी
गोमतीनगर-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन में करीब एक महीने की देरी हुई है। इस ट्रेन को एक महीने बाद शुरू करने का कारण रूट और समय तालमेल से जुड़ा था। प्रारंभिक योजना के अनुसार ट्रेन को सुबह लखनऊ जंक्शन से चलाना था, लेकिन देहरादून वंदे भारत के समय से टकराव और सहारनपुर से सुबह ट्रेन की मांग की वजहसे इसके समय और स्टेशन में बदलाव करना पड़ा। जिसके बाद गोमतीनगर टर्मिनल से इस ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया गया। इस बदलाव को अंतिम रूप देने में रेलवे बोर्ड स्तर पर हुई चर्चाओं के कारण इसमें देरी हुई।