Interview Question Answer: नौकरी के लिए होने वाले इंटरव्यू में कई बार उम्मीदवारों को ऐसे तीखे और उलझन भरे सवालों का सामना करना पड़ता है, जिन्हें सुनकर अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। रिज्यूमे में यदि पढ़ाई या पिछली नौकरी के बाद कोई खाली समय (Employment Gap) नजर आ जाए, तो रिक्रूटर का सीधा सवाल होता है—"Can you explain your employment gap?" (यानी, "क्या आप अपने करियर में आए इस गैप या खाली समय की वजह बता सकते हैं?")। इस सवाल को सुनते ही कई उम्मीदवार असहज महसूस करने लगते हैं और उन्हें यह डर सताने लगता है कि कहीं यह गैप उनकी नौकरी की संभावनाओं को कमजोर न कर दे। हालांकि, सच्चाई यह है कि करियर में गैप होना आज के समय में बेहद आम बात है। लेकिन इस सवाल का जवाब आप कैसे देते हैं, यह बहुत अहम है। जवाब देते हुए एक जरा सी गलती आपको नौकरी की रेस से बाहर कर सकती है।
इंटरव्यूअर की इस सवाल के पीछे क्या होती है असल मंशा?
जब कोई हायरिंग मैनेजर या एचआर आपके करियर के गैप के बारे में पूछता है, तो उनका मुख्य उद्देश्य आपकी ईमानदारी और उस समयावधि के सदुपयोग को परखना होता है। वे इसके माध्यम से निम्नलिखित बाते जानना चाहते हैं।
1. क्या आप पारदर्शी हैं? क्या आप अपनी परिस्थितियों को पेशेवर तरीके से रख सकते हैं?
2. गैप के दौरान आपने क्या किया? क्या उस समय का इस्तेमाल आपने अपने स्किल्स को बेहतर बनाने, किसी कोर्स को करने या व्यक्तिगत जिम्मेदारियों को संभालने में किया?
3. क्या आप अब काम के लिए पूरी तरह तैयार हैं? क्या आपका फोकस अब पूरी तरह से पेशेवर करियर पर है?
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - 'Hit the Sack' इंग्लिश इडियम का क्या है अर्थ? आम बोलचाल में कैसे करें इस्तेमाल
इंटरव्यू में गैप को समझाने के 3 सबसे बेहतरीन तरीके
| सच्चाई और पारदर्शिता रखें | कभी भी अपनी बात छिपाने या झूठ बोलने की कोशिश न करें। यदि गैप स्वास्थ्य कारणों, पारिवारिक जिम्मेदारियों या उच्च शिक्षा के कारण था, तो उसे आत्मविश्वास के साथ बताएं। |
| सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं | इस बात पर जोर दें कि उस खाली समय में आपने क्या नया सीखा, कौन सी नई स्किल विकसित की या किस प्रकार खुद को मानसिक रूप से मजबूत किया। |
| बात को तुरंत काम पर लाएं | अपनी बात को लंबा खींचने के बजाय तुरंत इस बात पर आएं कि अब आप पूरी ऊर्जा और नए कौशल के साथ अपनी नई भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। |
विभिन्न कारणों के आधार पर 4 शानदार एग्जापल्स
उदाहरण 1 - स्किल अपग्रेडेशन या कोर्स के लिए गैप
अपनी पिछली नौकरी छोड़ने के बाद, मुझे एहसास हुआ कि यह इंडस्ट्री तेज़ी से बदल रही है, इसलिए मैंने अपनी स्किल्स को बेहतर बनाने के लिए एक सोच-समझकर ब्रेक लेने का फैसला किया। मैंने [स्किल/कोर्स का नाम] में सर्टिफिकेशन पूरे किए और फ्रीलांस प्रोजेक्ट्स पर काम किया। अब, मेरे पास लेटेस्ट जानकारी है और मैं अपनी इस काबिलियत से आपकी टीम में योगदान देने के लिए पूरी तरह उत्साहित हूँ।
उदाहरण 2 -पारिवारिक जिम्मेदारियों या पर्सनल कारणों के लिए गैप
मुझे परिवार की कुछ जरूरी जिम्मेदारियों को संभालने और एक बीमार रिश्तेदार की देखभाल करने के लिए अपने करियर से कुछ समय का ब्रेक लेना पड़ा था। अब वह स्थिति पूरी तरह से सुलझ गई है। इस दौरान, मैंने पढ़ने और लोगों से जुड़ने (नेटवर्किंग) के ज़रिए खुद को इंडस्ट्री के ट्रेंड्स से अपडेट रखा। अब मैं पूरी तरह से ऊर्जावान हूं और फिर से फुल-टाइम काम शुरू करने के लिए तैयार हूँ।
उदाहरण 3 -स्वास्थ्य कारणों के लिए गैप
"मैंने स्वास्थ्य संबंधी समस्या से उबरने और अपनी सेहत को प्राथमिकता देने के लिए कुछ समय की छुट्टी ली थी। अच्छी बात यह है कि अब मेरा स्वास्थ्य एकदम ठीक है और मैंने इस समय का कुछ हिस्सा ऑनलाइन सीखने और अपने व्यक्तिगत विकास के लिए इस्तेमाल किया है। मैं अब पूरी तरह से तरोताजा महसूस कर रहा हूं और इस संस्था में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित हूं।"
उदाहरण 4 - हिंदी में आत्मविश्वास के साथ देने वाला जवाब
"मैंने यह ब्रेक अपने परिवार की कुछ जरूरी जिम्मेदारियों को संभालने के लिए लिया था। हालांकि उस दौरान मैंने अपने तकनीकी कौशल को मजबूत करने के लिए कुछ ऑनलाइन कोर्स भी किए। अब मेरी व्यक्तिगत जिम्मेदारियां पूरी हो चुकी हैं और मैं पूरी एकाग्रता और ऊर्जा के साथ अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हूं।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Are you planning on having children? इंटरव्यू का कैसे दें जवाब
उम्मीदवारों के लिए जरूरी टिप्स
जब आप अपने गैप के बारे में बताएं, तो आपकी आवाज में झिझक या डर नहीं होना चाहिए। इसे एक स्वाभाविक पड़ाव के रूप में पेश करें। अपने रिज्यूमे में संक्षिप्त रूप से (जैसे फ्रीलांसिंग, अपस्किलिंग या पर्सनल लीव लिखकर) गैप की हल्की सी झलक दे सकते हैं, ताकि इंटरव्यू में सरप्राइज एलिमेंट न बचे।
