Money Market Funds: पैसे बचाना एक कला है और उन पैसों को सही जगह पर इन्वेस्ट करना भी अपने आप में एक अलग ही खूबी है। अक्सर हम कम रिस्क और जबरदस्त रिटर्न्स वाले बेस्ट तरीके तलाशते हैं। जब भी बात इन्वेस्टमेंट की होती है तो हम म्यूचुअल फंड्स में इन्वेस्ट करने के बारे में भी विचार करने लगते हैं। मनी मार्केट फंड्स भी एक तरह के म्यूचुअल फंड्स ही होते हैं। ज्यादातर लोगों को मनी मार्केट फंड्स के बारे में जानकारी नहीं होती है। आइये जानते हैं कि मनी मार्केट फंड्स क्या होते हैं और इनमें इन्वेस्ट करने के फायदे और नुकसान क्या हैं?
क्या होते हैं मनी मार्केट फंड्स?मनी मार्केट फंड्स एक तरह के म्यूचुअल फंड्स होते हैं जो इन्वेस्टमेंट के ऐसे तरीकों में इन्वेस्ट करते हैं जो बहुत ही लिक्विड होते हैं। आसान शब्दों में कहें तो आप जब चाहे तब अपने पैसे निकाल सकते हैं। मनी मार्केट फंड्स शॉर्ट-टर्म डेब्ट इंस्ट्रूमेंट, कैश और सिक्योरिटीज में इन्वेस्ट करते हैं। हालांकि यह कैश जितने सुरक्षित नहीं होते लेकिन इनमें रिस्क बहुत ही कम होता है। मनी मार्केट फंड्स आपको कमाई तो करके देते हैं लेकिन आपकी संपत्ति या एसेट की कीमत में बढ़ोत्तरी नहीं होती है।
फायदे और नुकसानअगर आप अपने पैसों को कम समय तक इन्वेस्ट करने के लिए एक ऐसा विकल्प ढूंढ रहे हैं जो सेफ हो और आपको कभी भी जरूरत पड़ने पर आप इसके माध्यम से अपनी जरूरत को पूरा कर सकें तो मनी मार्केट फंड्स आपके लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं। मनी मार्केट फंड्स आपको किसी भी सेविंग्स बैंक अकाउंट से बेहतर रिटर्न्स प्रदान करते हैं। दूसरी तरफ अगर आप लॉन्ग-टर्म में इन्वेस्टमेंट करने के बारे में सोच रहे हैं तो डेब्ट म्यूचुअल फंड्स और SIP आपके लिए ज्यादा बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं।
