आज के समय में UPI (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) के जरिए डिजिटल भुगतान करना बेहद आसान हो गया है। लेकिन इसकी सुरक्षा पूरी तरह आपके UPI PIN पर निर्भर करती है। अगर आपको लगता है कि आपका पिन किसी को पता चल गया है या आप सुरक्षा कारणों से इसे बदलना चाहते हैं, तो यह काम कुछ ही मिनटों में किया जा सकता है। PhonePe, Google Pay और Paytm जैसे सभी प्रमुख UPI ऐप्स अपने यूजर्स को आसानी से UPI PIN बदलने की सुविधा देते हैं।
PhonePe में ऐसे बदलें UPI PIN
अगर आप PhonePe का इस्तेमाल करते हैं, तो सबसे पहले ऐप खोलें और ऊपर बाईं ओर दिखाई देने वाले प्रोफाइल आइकन पर टैप करें। इसके बाद Bank Accounts सेक्शन में जाएं और उस बैंक खाते का चयन करें, जिसका UPI PIN बदलना है। अब UPI PIN के सामने दिए गए Change विकल्प पर क्लिक करें। सबसे पहले अपना मौजूदा UPI PIN दर्ज करें, फिर नया PIN डालें। पुष्टि के लिए नए PIN को दोबारा दर्ज करें और Done या चेक मार्क पर टैप करें। इसके बाद आपका नया UPI PIN सक्रिय हो जाएगा।
Google Pay में ऐसे करें UPI PIN अपडेट
Google Pay यूजर्स सबसे पहले ऐप खोलें और ऊपर दाईं ओर मौजूद प्रोफाइल फोटो पर टैप करें। इसके बाद Bank Account सेक्शन में जाकर संबंधित बैंक खाते का चयन करें। अब ऊपर दिए गए तीन डॉट्स (More) पर टैप करें और Change UPI PIN विकल्प चुनें। यहां पहले पुराना PIN दर्ज करें और फिर नया PIN सेट करके प्रक्रिया पूरी करें। कुछ ही सेकंड में आपका नया UPI PIN अपडेट हो जाएगा।
पुराना PIN भूल गए हैं? ऐसे करें रीसेट
यदि आपको अपना पुराना UPI PIN याद नहीं है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। Change UPI PIN की जगह Reset या Forgot UPI PIN विकल्प चुनें। इसके बाद अपने डेबिट/ATM कार्ड के आखिरी छह अंक और एक्सपायरी डेट दर्ज करें। आपके बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। OTP सत्यापित होने के बाद आप नया UPI PIN सेट कर सकते हैं।
UPI PIN बदलते समय रखें इन बातों का ध्यान
UPI PIN हमेशा गोपनीय रखें और इसे किसी के साथ साझा न करें। आसान नंबर जैसे 1234, 0000 या जन्मतिथि को PIN बनाने से बचें। समय-समय पर PIN बदलना डिजिटल भुगतान को अधिक सुरक्षित बनाता है। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत अपना UPI PIN बदलें और जरूरत पड़ने पर बैंक से संपर्क करें।
