मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले उन हजारों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है, जो हाल ही में लगे भीषण ट्रैफिक जाम में घंटों फंसे रहे थे। महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MSRDC) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि 3 फरवरी को खोपोली के पास गैस टैंकर पलटने के कारण लगे जाम में फंसे करीब 1.2 लाख यात्रियों को उनका टोल टैक्स वापस (Refund) किया जाएगा। यह कदम उन लोगों के गुस्से को शांत करने के लिए उठाया गया है, जिन्हें न केवल घंटों बिना किसी सुविधा के सड़क पर गुजारने पड़े, बल्कि जाम के बावजूद टोल भी चुकाना पड़ा।
क्या था पूरा मामला?
बीते 3 फरवरी को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक गैस टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। इसके चलते लगभग 32 घंटों तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा, जिसमें बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बिना भोजन-पानी के फंसे रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने निर्देश दिया था कि प्रभावित यात्रियों से टोल न वसूला जाए। हालांकि, तकनीकी कारणों या सूचना में देरी की वजह से टोल प्लाजा पर FASTag के जरिए वसूली जारी रही। अब सरकार ने फैसला किया है कि आदेश के बावजूद काटी गई इस रकम को यात्रियों को लौटाया जाएगा।
करोड़ों का होगा रिफंड
MSRDC के अधिकारियों के अनुसार, रिफंड की जाने वाली कुल राशि करीब 5.16 करोड़ रुपये है। इसमें मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के साथ-साथ पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर कटने वाला टोल भी शामिल है। विभाग ने टोल वसूलने वाली कंपनी 'IRB इंफ्रास्ट्रक्चर' से उन सभी गाड़ियों का विस्तृत डेटा मांगा है, जिनसे टोल वसूली रोकने के आदेश के बाद भी पैसे काटे गए थे। यह रिफंड राशि अगले एक हफ्ते के भीतर सीधे यात्रियों के FASTag अकाउंट में वापस जमा कर दी जाएगी।
कब मिलता है टोल रिफंड
इस घटना के अलावा भी कुछ ऐसे नियम हैं, जिनके तहत आप अपने कटे हुए टोल के पैसे वापस मांग सकते हैं। अक्सर लोग जानकारी के अभाव में अपना नुकसान कर बैठते हैं, लेकिन इन 5 स्थितियों में रिफंड आपका अधिकार है:
- लंबा ट्रैफिक जाम: अगर भारी जाम या प्रशासनिक आदेश के कारण देरी होती है, तो टोल माफी या रिफंड का प्रावधान है।
- टेक्निकल फॉल्ट: अगर FASTag स्कैनर में खराबी के कारण गलत तरीके से पैसे कट जाते हैं।
- गलत कैटेगरी: आपकी कार छोटी है लेकिन सिस्टम ने उसे ट्रक या बस मानकर ज्यादा पैसे काट लिए हों।
- बिना गुजरे पैसा कटना: कई बार बिना टोल प्लाजा पार किए ही आपके फोन पर पैसे कटने का मैसेज आ जाता है।
- डबल डिडक्शन: एक ही समय पर एक ही प्लाजा पर अगर दो बार पैसे कट जाएं।
