देश

भारत को मिलेंगे 5 और एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम? भारतीय टेंडर पर रूस ने भेजा प्रस्ताव; 50,000 करोड़ की हो सकती है डील

S-400 Sudarshan: ऑपरेशन सिंदूर में S-400 सुदर्शन की ताकत को दुनिया ने देखा है और पाकिस्तान तो इसकी मार भूल नहीं सकता है। ऐसे में अब भारत अपनी एयर डिफेंस क्षमता को और मजबूत करने की तैयारी में है।

Image

एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम (फाइल फोटो)

S-400 Sudarshan: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मनों की नापाक मंजूबों को कुचलने वाले एस-400 को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। रूस ने भारतीय वायुसेना के लिए एस-400 सुदर्शन लॉन्ग रेंज एयर डिफेंस सिस्टम की पांच और स्क्वाड्रन खरीदने के लिए जारी भारतीय टेंडर के जवाब में रक्षा मंत्रालय को अपना डिटेल्ड प्रपोज़ल सौंपा है।

समाचार एजेंसी एएनआई ने रक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि भारतीय टेंडर पर रूस की ओर से जवाब मिल गया है और फिलहाल प्रस्ताव पर अभी काम चल रहा है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 50,000 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

भारत और रूस के बीच 2018 में हुए शुरुआती समझौते के तहत नई दिल्ली को पांच एस-400 स्क्वाड्रन में से चार पहले ही मिल चुके हैं, जबकि पांचवीं और अंतिम स्क्वाड्रन की डिलीवरी इस साल नवंबर तक होने की उम्मीद है।

कब होगी नए स्क्वाड्रन की डिलीवरी?

नए प्रस्ताव के तहत खरीदी जाने वाली पांच अतिरिक्त स्क्वाड्रन की डिलीवरी समझौते पर हस्ताक्षर होने के करीब तीन साल बाद शुरू होने की संभावना है। भारत ने इस साल मार्च में ऑपरेशन सिंदूर खत्म होने के तत्काल बाद रूस से पांच और S-400 स्क्वाड्रन खरीदने की योजना को मंजूरी दी थी।

पूर्वी और पश्चिमी मोर्चे पर तैनाती की तैयारी

भारतीय वायु रक्षा नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए नई S-400 यूनिट्स को पूर्वी और पश्चिमी दोनों मोर्चों पर तैनात किए जाने की संभावना है। सनद रहे कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एस-400 ने पाकिस्तान के तमाम नापाक मंसूबों को नेस्तनाबूत किया था।

पश्चिम एयर कमांड के चीफ एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा ने हाल ही में एएनआई के साथ एक पॉडकास्ट में कहा था कि एस-400 ने पाकिस्तान एयर फोर्स के एक निगरानी विमान को करीब 314 किलोमीटर की दूरी से मार गिराया था। उनके मुताबिक, यह संभवतः सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल से दर्ज की गई सबसे लंबी दूरी की सफल मार में से एक थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article