हिमाचल प्रदेश (HP) में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतरीन और अत्याधुनिक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और आदर्श चिकित्सा संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए 650 डॉक्टरों की भर्ती (HP Doctor Recruitment) की जाएगी। इसके अलावा, राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में जांच सुविधाओं को आधुनिक रूप देने के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को बिना किसी देरी के सटीक जांच और समय पर बेहतर इलाज की सुविधा उनके घर के पास ही उपलब्ध कराना है।
650 डॉक्टरों की भर्ती और पदों का विवरण
राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में मैनपावर की कमी को दूर करने के लिए बड़े पैमाने पर डॉक्टरों की तैनाती कर रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार भर्ती का खाका इस प्रकार है:
| 300 | मेडिकल ऑफिसर |
| 200 | स्पेशलिस्ट डॉक्टर |
| 150 | सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टर |
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के अनुसार, हिमाचल प्रदेश सरकार की इस पहल के तहत नादौन, कांगू, गलोड़ और धनेटा जैसे ग्रामीण और स्थानीय क्षेत्रों के अस्पतालों में भी डॉक्टरों की नियुक्तियां की गई हैं, ताकि ग्रामीण इलाकों के मरीजों को बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - NEET PG परीक्षा में बिजली गुल होने की जांच, NBEMS ने बनाई 3 सदस्यीय कमेटी
मेडिकल कॉलेज, एलाइड हेल्थ साइंसेज और आधुनिक उपकरण
500 करोड़ का बजट: मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक तकनीक और नई मशीनें स्थापित करने पर 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे डायग्नोस्टिक सेवाएं काफी मजबूत होंगी।
डॉ. राधाकृष्णन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज: हमीरपुर के जोलसप्पर में स्थित इस मेडिकल कॉलेज का जल्द ही औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।
एलाइड हेल्थ साइंसेज संस्थान: हमीरपुर में उत्तर भारत का अपनी तरह का पहला एलाइड हेल्थ साइंसेज संस्थान स्थापित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने वाइस-चांसलर को निर्देश दिए हैं कि वे इसी शैक्षणिक सत्र से संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करना सुनिश्चित करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - केरलम पुलिस ने बचाया NEET PG अभ्यर्थी का साल, एग्जाम सेंटर पर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भूल गए थे डॉक्टर, खाकी ने ऐसे की मदद
शिक्षा और स्थानीय विकास के लिए अन्य घोषणाएं
न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के अनुसार, स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी सुधार किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कांगू स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल को 'राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल' के रूप में नामित किया गया है। इसके लिए एक नया भवन बनाया जाएगा और छात्रों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं दी जाएंगी। इसके साथ ही प्राइमरी स्कूल की नई इमारत का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने स्थानीय निवासियों से निःशुल्क जांच शिविरों का लाभ उठाने की अपील की गई है। सरकार आने वाले समय में नादौन और हमीरपुर के अन्य इलाकों में भी ऐसे जन स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेगी।
