एजुकेशन

NEET PG परीक्षा में बिजली गुल होने की जांच, NBEMS ने बनाई 3 सदस्यीय कमेटी

NEET PG 2026: जयपुर में सीतापुर परीक्षा केंद्र पर नीट पीजी परीक्षा के दौरान बिजली की समस्या आने से एग्जाम पूरा नहीं हो सका। इस मामले की जांच के लिए NBEMS ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।

Image

NEET PG 2026 (Photo - AI)

NEET PG 2026: जयपुर के iON Digital Zone iDZ, सीतापुरा परीक्षा केंद्र पर NEET PG 2026 परीक्षा के दौरान बिजली की समस्या के चलते एग्जाम संपन्न नहीं हो पाए। इस परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने आए छात्रों में बिजली गुल होने के कारण हंगामा मच गया। इसके बाद NBEMS ने तकनीकी कारणों के कारण परीक्षा नहीं दे पाए छात्रों के लिए दोबारा से परीक्षा कराने का फैसला लेते हुए रि-एग्जाम 5 सितंबर को आयोजित करने की जानकारी दी। अब इस मामले की जांच के लिए नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। NBEMS सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा केंद्र की आंतरिक बिजली आपूर्ति में आई खराबी के कारण परीक्षा बाधित हुई। इससे सीतापुरा के दोनों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे अभ्यर्थी प्रभावित हुए।

गायत्री राठौड़ की अध्यक्षता में होगी मामले की जांच

जांच कमेटी की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ द्वारा की जाएगी। कमेटी में राजस्थान सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के वरिष्ठ इंजीनियरिंग अधिकारी शामिल होंगे। कमेटी का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि परीक्षा केंद्र पर बिजली आपूर्ति क्यों बाधित हुई, इसके पीछे क्या वजह थी और किन परिस्थितियों में परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। कमेटी तय समयसीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

2,445 अभ्यर्थियों की फिर से होगी परीक्षा

बिजली की समस्या से प्रभावित 2,445 अभ्यर्थियों के लिए NBEMS पहले ही दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान कर चुका है। इन अभ्यर्थियों की NEET-PG परीक्षा 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे जयपुर में दोबारा आयोजित की जाएगी। NBEMS ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई परेशानी पर खेद जताया है। बोर्ड का कहना है कि दोबारा परीक्षा कराने का फैसला इसलिए लिया गया है ताकि सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और समान अवसर मिल सके। अब जांच कमेटी की रिपोर्ट से साफ होगा कि परीक्षा के दौरान बिजली आपूर्ति में आखिर चूक कहां हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी थी।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article