यूटिलिटी

मिलेगा 100% कन्फर्म टिकट! तत्काल बुकिंग के लिए IRCTC के सीक्रेट हैक्स आएंगे आपके काम

Tatkal Ticket Booking: कई बार यात्रियों को ट्रेन से अचानक यात्रा करने की जरूरत आ पड़ती है। ऐसे में तत्काल टिकट ही सबसे बड़ा सहारा होता है। लेकिन भारी मांग के कारण इसे पाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, इसलिए सही तैयारी और तेज प्रक्रिया अपनाना बेहद जरूरी है।

Image

Tatkal Ticket Booking (Photo: iStock)

Tatkal Ticket Booking: भारत में रोजाना 2 करोड़ से अधिक लोग ट्रेन से सफर करते हैं। अक्सर एक राज्य से दूसरे राज्य की लंबी दूरी तय करने के लिए लोग ट्रेन का ही विकल्प चुनते हैं। त्योहार, घर पर शादी-पार्टी के मौके के लिए लोग ट्रेन में कंफर्म सीट पाने के लिए यात्रा से हफ्तों पहले ही टिकट बुक कर लेते हैं, लेकिन कई बार इमरजेंसी में ट्रेन से सफर करने की जरूरत आ पड़ती है। ऐसे में भारतीय रेलवे की ओर से तत्काल टिकट बुकिंग की सुविधा काम आती है। हालांकि, तत्काल टिकट पाना इतना भी आसान नहीं होता, क्योंकि बुकिंग शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में सीटें भर जाती हैं। लेकिन एक सही रणनीति और तैयारी से कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ सकती है। इसके लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जा सकता है-

बुकिंग समय का ध्यान

सबसे पहले, बुकिंग समय का ध्यान रखें। एसी क्लास के लिए तत्काल बुकिंग सुबह 10 बजे और स्लीपर क्लास के लिए 11 बजे शुरू होती है। ऐसे में समय से पहले IRCTC वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन कर लेना चाहिए ताकि बुकिंग शुरू होते ही तुरंत प्रक्रिया शुरू की जा सके।

यात्रा से जुड़ी सभी जानकारी

तत्काल टिकट पाने के लिए यात्रा से जुड़ी सभी जानकारी पहले से तैयार रखे जाने की सलाह दी जाती है। यात्री का नाम, उम्र, लिंग, आईडी प्रूफ नंबर आदि डिटेल्स पहले से नोट कर लें। IRCTC अकाउंट में ‘मास्टर लिस्ट’ बनाकर रखने से समय की बचत होती है और टिकट जल्दी बुक हो पाता है।

तेज इंटरनेट कनेक्शन

इसके अलावा तत्काल टिकट पाने के लिए तेज इंटरनेट कनेक्शन का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी जाती है। धीमा नेटवर्क बुकिंग के दौरान परेशानी पैदा कर सकता है। कोशिश करें कि वाई-फाई या हाई-स्पीड मोबाइल डेटा का इस्तेमाल करें और एक ही समय में कई डिवाइस से लॉग-इन करने से बचें।

पेमेंट का तरीका

बुकिंग फेल न हो इसके लिए पेमेंट का तरीका पहले से तय रखें। UPI, नेट बैंकिंग या डेबिट कार्ड जैसी तेज पेमेंट विधि चुनें। कई बार पेमेंट में देरी होने पर टिकट वेटिंग में चला जाता है या बुकिंग फेल हो सकती है।

वैकल्पिक ट्रेन और क्लास

तत्काल टिकट को लेकर वैकल्पिक ट्रेन और क्लास का विकल्प भी सोचकर रखना चाहिए। अगर पहली पसंद की ट्रेन में टिकट न मिले तो तुरंत दूसरी ट्रेन या अलग क्लास चुन सकेंगे। इससे यात्रा की योजना पूरी तरह रद्द होने से बच सकती है।

इसके अलावा, बुकिंग के दौरान धैर्य बनाए रखना भी जरूरी है। वेबसाइट स्लो हो सकती है, लेकिन बार-बार पेज रिफ्रेश करने से बचने की सलाह दी जाती है। सही तैयारी, तेज निर्णय और शांत दिमाग से आप तत्काल टिकट पाने की संभावना बढ़ा सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article