Mumbai Wadala Firing: मुंबई के वडाला पश्चिम इलाके में SIWS कॉलेज के पास फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां एक व्यक्ति पर तीन राउंड गोलियां चलाई गईं। गनीमत की बात है कि उसे गोली नहीं लगी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही देर बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ओला कार में सवार होकर आए थे और आर. ए. किदवई रोड पर वडाला चार रास्ता के नजदीक उन्होंने पीड़ित पर फायरिंग की। उसने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा होने की आशंका है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एंटॉप हिल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से दो पिस्तौल, जिनमें एक देसी कट्टा भी शामिल है, और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
दो आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए माटुंगा पुलिस के हवाले कर दिया है। मामले में फायरिंग की वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों की पहचान हमजा खान, अली उर्फ दाऊद खान और सोहेब के रूप में बताई गई है। हमजा खान और अली उर्फ दाऊद खान वडाला के हिमत नगर इलाके के निवासी बताए गए हैं, जबकि सोहेब का संबंध वडाला टीटी के संगम नगर से बताया जा रहा है। हालांकि, अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है।
प्रतापगढ़ से जुड़ा बताया जा रहा है मामला
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी और पीड़ित उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस इस पहलू सहित मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
