भारत में किसानों की भूमिका बेहद अहम है। किसान दिन-रात मेहनत करके देश के करोड़ों लोगों तक अनाज पहुंचाते हैं। लेकिन खेती करना आज के समय में आसान नहीं है। कभी मौसम की मार फसल बर्बाद कर देती है, तो कभी खाद, बीज और खेती से जुड़े दूसरे खर्चों के लिए पैसों की कमी हो जाती है। किसानों की इन्हीं परेशानियों को कम करने के लिए केंद्र सरकार कई तरह की योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं के तहत किसानों को फसल का बीमा, खेती के लिए लोन, पेंशन और आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
हालांकि, बहुत से किसानों को इन योजनाओं की सही जानकारी नहीं होती और वे सरकारी मदद का फायदा उठाने से चूक जाते हैं। इसलिए अगर आप भी खेती-किसानी से जुड़े हैं, तो इन चार सरकारी योजनाओं के बारे में जरूर जान लीजिए।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना
खेती में सबसे बड़ा जोखिम मौसम का होता है। कभी भारी बारिश, कभी सूखा तो कभी ओलावृष्टि किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर देती है। ऐसी स्थिति में किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना चलाई जा रही है। आइए आपको इस योजना की खास बाते बताते हैं।
- किसान अपनी अधिसूचित फसलों का कम प्रीमियम देकर बीमा करा सकते हैं।
- प्राकृतिक आपदाओं और योजना में शामिल अन्य कारणों से फसल को नुकसान होने पर नियमानुसार बीमा क्लेम मिल सकता है।
- इससे फसल खराब होने की स्थिति में किसानों को आर्थिक सहारा मिलता है।
2. प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना
किसान अपनी पूरी जिंदगी खेतों में मेहनत करते हैं, लेकिन उम्र बढ़ने के बाद खेती करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे समय में उन्हें पैसों की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार ने प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना शुरू की है। इस योजना के तहत:
- पात्र छोटे और सीमांत किसान इसमें शामिल होकर पेंशन का लाभ ले सकते हैं।
- 60 साल की उम्र पूरी होने पर पात्र किसानों को हर महीने 3,000 रुपये पेंशन देने का प्रावधान है।
- योजना में शामिल होने के लिए किसान को अपनी उम्र के हिसाब से हर महीने तय अंशदान जमा करना होता है। केंद्र सरकार भी इसमें बराबर का योगदान करती है। इस तरह किसान अपने बुढ़ापे के लिए पहले से आर्थिक सुरक्षा तैयार कर सकते हैं।
3. किसान क्रेडिट कार्ड योजना (KCC)
खेती के दौरान किसानों को कई तरह के खर्च उठाने पड़ते हैं। बीज, खाद, कीटनाशक और दूसरी जरूरी चीजें खरीदने के लिए पैसों की जरूरत होती है। कई बार पैसों की कमी के कारण किसानों को निजी साहूकारों से ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना किसानों को इस परेशानी से राहत दिलाने में मदद करती है। आइए आपको इसके प्रमुख फायदे बताते हैं।
- किसान खेती से जुड़े जरूरी कामों के लिए बैंक से कर्ज ले सकते हैं।
- इस योजना में पात्र किसानों को निर्धारित शर्तों के अनुसार ब्याज में राहत मिल सकती है।
- जरूरत के हिसाब से खेती के खर्चों के लिए समय पर पैसा उपलब्ध कराने में यह कार्ड मददगार है।
4. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN)
किसानों को खेती के छोटे-मोटे खर्चों में मदद देने के लिए केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना चला रही है। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना का मकसद किसानों को खेती के खर्चों में थोड़ी आर्थिक राहत देना है। इस योजना में आपको कई सारे लाभ मिलते हैं।
- पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है।
- यह पैसा 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजा जाता है।
- किसान इस रकम का इस्तेमाल खेती और घर की जरूरी जरूरतों को पूरा करने में कर सकते हैं।
किसानों के लिए जरूरी बात
सरकार की ये चारों योजनाएं अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। फसल खराब होने पर बीमा सुरक्षा, बुढ़ापे में पेंशन, खेती के लिए कर्ज और हर साल आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं किसानों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती हैं। अगर आप भी इन योजनाओं का लाभ लेना चाहते हैं, तो अपनी पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जरूर लें। किसी भी योजना में आवेदन करने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी कृषि कार्यालय और बैंक से पूरी जानकारी प्राप्त करें।
