राशन वितरण में अक्सर गड़बड़ी और मनमानी की शिकायतें सामने आती हैं। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों से। कई सोशल मीडिया पोस्ट में तो यहां तक दावा किया गया है कि गांव की डीलर लोगों से तय कीमत से अधिक पैसे लेते हैं और राशन भी कोटे से कम देते हैं।
अब खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग (Department of Food and Public Distribution) ने राशन वितरण में आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए कड़ा कदम उठाया है और उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने के व्हाट्सऐप नंबर तक जारी किए हैं। अगर किसी व्यक्ति को समय पर राशन नहीं मिल रहा है या राशन से जुड़ी कोई अन्य समस्या आ रही है, तो वह सीधे सरकार तक अपनी शिकायत पहुंचा सकता है। आइए जानते हैं कैसे...
WhatsApp के जरिए भी दर्ज कर सकते हैं शिकायत
अब उपभोक्ता WhatsApp के माध्यम से भी अपनी समस्या दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें केवल +91-9868200445 नंबर पर “Hi” मैसेज भेजना होगा। इसके बाद संबंधित प्रक्रिया के जरिए शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। यह सुविधा उन लोगों के लिए काफी आसान है जो मोबाइल के जरिए तुरंत शिकायत करना चाहते हैं।
IVRS नंबर पर कॉल करके भी मिल सकती है मदद
राशन से जुड़ी समस्या होने पर लोग IVRS नंबर 14457 पर कॉल करके भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस नंबर पर कॉल करने के बाद उपभोक्ताओं को आवश्यक जानकारी देकर अपनी समस्या बताने का मौका मिलता है, जिससे संबंधित अधिकारी उस पर कार्रवाई कर सकें।
हर बुधवार होगी ऑनलाइन शिकायत सुनवाई
सरकार ने राशन से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए साप्ताहिक ऑनलाइन बैठक की व्यवस्था भी की है। यह बैठक हर बुधवार दोपहर 3 बजे से 4 बजे के बीच आयोजित की जाती है। इस दौरान लोग सीधे सरकारी अधिकारियों से जुड़कर अपनी समस्या साझा कर सकते हैं।
इस लिंक के जरिए जुड़ सकते हैं बैठक में
सबसे खास बात यह है कि बुधवार को होने वाली बैठक में आप ऑनलाइन शिकायत भी कर सकते हैं और इस मीटिंग में शामिल भी हो सकते हैं। मीटिंग में शामिल होने के लिए http://dfpd.gov.in/vc-link/en का इस्तेमाल किया जा सकता है।
