प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने के लिए अब फार्मर आईडी होना जरूरी कर दिया गया है। केंद्र सरकार एग्री स्टैक प्रोजेक्ट के तहत देश के किसानों की डिजिटल पहचान तैयार कर रही है। अगर किसान के पास फार्मर आईडी नहीं है, तो पीएम किसान की किस्त रुक सकती है। इसके अलावा खाद, बीज, फसल बीमा और दूसरी सरकारी योजनाओं का फायदा लेने में भी परेशानी आ सकती है।
तेज हुआ फार्मर आईडी बनाने का काम
कई राज्यों और जिलों में फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सरकार चाहती है कि किसानों का सही और पूरा डेटा ऑनलाइन दर्ज हो। इससे फर्जीवाड़ा रुकेगा और योजनाओं का लाभ सीधे सही किसानों तक पहुंचेगा। इसी वजह से अब फार्मर आईडी को जरूरी बनाया जा रहा है।
फार्मर आईडी क्या है और इसका फायदा क्या है
फार्मर आईडी किसानों की एक डिजिटल पहचान होती है। इसमें किसान की जमीन, फसल, खाद का इस्तेमाल, पशुपालन और आय से जुड़ी जानकारी दर्ज रहती है। इस आईडी के जरिए पीएम किसान योजना का लाभ मिलता है। खाद और सब्सिडी सही मात्रा में मिलती है और फसल बीमा में पारदर्शिता आती है। साथ ही फर्जी किसान रजिस्ट्रेशन पर भी रोक लगती है।
फार्मर आईडी बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज
फार्मर आईडी बनवाने के लिए कुछ जरूरी कागजात देने होते हैं। इनमें आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, जमीन से जुड़े दस्तावेज और फैमिली आईडी या राशन कार्ड शामिल हैं। सरकार के निर्देश पर पंचायत स्तर पर शिविर भी लगाए जा रहे हैं, जहां किसान आसानी से फार्मर आईडी बनवा सकते हैं।

farmer id
ऑनलाइन फार्मर आईडी के लिए यूजर आईडी कैसे बनाएं

farmer id
- सबसे पहले अपने राज्य के AgriStack Portal पर जाएं।
- वहां Create New User के विकल्प पर क्लिक करें।
- अब आधार नंबर डालकर KYC प्रक्रिया पूरी करें।
- शर्तों को पढ़कर सहमति दें और फॉर्म सबमिट करें।
- आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP से वेरिफिकेशन करें।
- इसके बाद मोबाइल नंबर दोबारा डालकर OTP से पुष्टि करें।
- अब नया पासवर्ड बनाएं और सेव कर लें।
- इस तरह आपकी यूजर आईडी और पासवर्ड तैयार हो जाएगा।
फार्मर आईडी के लिए रजिस्ट्रेशन कैसे करें
- यूजर आईडी और पासवर्ड से पोर्टल पर लॉगिन करें, चाहें तो OTP से भी लॉगिन कर सकते हैं।
- लॉगिन के बाद अपनी अकाउंट डिटेल्स भरें।
- Farmer Type में Owner चुनें।
- इसके बाद Fetch Land Detail पर क्लिक करें।
- खसरा नंबर और जमीन से जुड़ी पूरी जानकारी भरें।
- अगर आपके पास एक से ज्यादा खेत हैं, तो सभी की जानकारी दर्ज करें।
- वेरिफिकेशन के बाद Social Registry Tab खोलें।
- यहां फैमिली आईडी या राशन कार्ड का विवरण भरें।
- अब Department Approval में Revenue Department चुनें।
- अंत में Consent पर टिक करें और डिजिटल साइन कर दें।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
अगर आप पीएम किसान योजना या दूसरी सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ लेना चाहते हैं, तो जल्द से जल्द फार्मर आईडी बनवा लें। सही जानकारी और पूरे दस्तावेज देने से आपकी किस्त और योजनाओं का फायदा बिना किसी रुकावट के मिलता रहेगा।
