यूटिलिटी

UPI Pin डालते ही दूसरे Bank Account में पहुंच जाते हैं पैसे! जानिए कैसे काम करता है यूपीआई

आप भी पैसे भेजने या रिसीव करने के लिए यूपीआई ऐप्स का इस्तेमाल करते होंगे। क्या आपने सोचा है कैसे एक यूपीआई पिन डालते ही एक अकाउंट से दूसरे अकाउंट में पैसे चले जाते हैं?

Image

यूपीआई पिन डालते ही दूसरे बैंक अकाउंट में कैसे पहुंच जाते हैं पैसे (Photo: X handle/@UPI_NPCI)

आज के डिजिटल समय में लोग कैश रखना कम ही पसंद करते हैं। क्योंकि चाहे दुकान पर किसी सामान के लिए पैसे देने हों या बिजली का बिल भरना हो यूपीआई के जरिए कुछ ही सेकेंड्स में पेमेंट पूरी हो जाती है। इसके लिए Google Pay, PhonePe, Paytm और BHIM जैसे यूपीआई ऐप का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि मोबाइल में यूपीआई पिन डालते ही आपके बैंक अकाउंट से रकम कटकर दूसरे व्यक्ति के अकाउंट में कैसे पहुंच जाती है? आखिर यूपीआई कैसे काम करता है, आइए समझते हैं-

क्या है यूपीआई?

यूपीआई यानी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस एक डिजिटल पेमेंट सिस्टम है, जिसे नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने डेवलप किया है। इसकी मदद से दो बैंक खातों के बीच तुरंत पैसे ट्रांसफर किए जा सकते हैं। इसके लिए बैंक अकाउंट नंबर या IFSC कोड जानना जरूरी नहीं होता। केवल यूपीआई आईडी, मोबाइल नंबर या क्यूआर कोड के जरिए भी पेमेंट किया जा सकता है।

पैसे भेजते ही कैसे शुरू होती है प्रक्रिया?

मान लीजिए आप किसी दुकानदार को 500 रुपये भेज रहे हैं। सबसे पहले आप यूपीआई ऐप खोलकर दुकानदार का क्यूआर कोड स्कैन करते हैं। इसके बाद रकम दर्ज कर यूपीआई पिन डालते हैं। पिन डालते ही ऐप आपके बैंक से जुड़े यूपीआई सिस्टम को पेमेंट की रिक्वेस्ट भेजता है। यह रिक्वेस्ट NPCI के यूपीआई नेटवर्क के जरिए संबंधित बैंकों तक पहुंचती है। आपका बैंक यूपीआई पिन को वेरिफाई करता है और जांचता है कि खाते में पर्याप्त बैलेंस है या नहीं। सभी जरूरी जांच पूरी होने पर बैंक आपके अकाउंट से 500 रुपये डेबिट कर देता है।

दूसरे अकाउंट में कैसे पहुंचते हैं पैसे?

आपके बैंक से पेमेंट की मंजूरी मिलने के बाद यूपीआई नेटवर्क प्राप्तकर्ता के बैंक तक लेनदेन की जानकारी पहुंचाता है। इसके आधार पर दूसरे व्यक्ति के बैंक अकाउंट में 500 रुपये क्रेडिट हो जाते हैं। पूरी प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक तरीके से होती है, इसलिए सामान्य परिस्थितियों में इसमें कुछ ही सेकंड लगते हैं। हालांकि, बैंकों के बीच अंतिम निपटान अलग प्रक्रिया से होता है। यानी ग्राहक के खाते में पैसे तुरंत दिख सकते हैं, जबकि बैंकों के बीच हिसाब बाद में पूरा होता है।

केवल पैसे भेजने के लिए इस्तेमाल करें यूपीआई पिन

हालांकि, इस बात को समझें कि आपका यूपीआई पिन डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाता है। यह आपके बैंक अकाउंट से अनऑथराइज्ड पेमेंट होने से रोकने में मदद करता है। अगर किसी व्यक्ति को आपके मोबाइल या यूपीआई ऐप का एक्सेस मिल भी जाता है, तब भी वह सही यूपीआई पिन (UPI Pin) डाले बिना सामान्य यूपीआई पेमेंट पूरा नहीं कर सकता। हालांकि इस बात का भी ध्यान रखें कि यूपीआई पिन का इस्तेमाल कभी भी पैसे रिसीव करने के लिए नहीं किया जाता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article