How to Save Money on House Construction: अपना घर बनवाना हर किसी का सपना होता है, लेकिन बढ़ती महंगाई के बीच घर बनवाना आसान नहीं है। सीमेंट, सरिया, ईंट, रेत और मजदूरी पर लाखों रुपये खर्च हो जाते हैं। कई बार गलत प्लानिंग और बिना जरूरत के बदलाव करने से निर्माण का बजट काफी बढ़ जाता है। हालांकि, कुछ समझदारी भरे फैसलों से घर बनाने की लागत कम की जा सकती है। खास बात है कि इसके लिए निर्माण की मजबूती या क्वालिटी से समझौता करने की जरूरत नहीं है।
निर्माण शुरू करने से पहले बनाएं बजट
घर बनवाने से पहले कुल बजट तैयार करना जरूरी है। इसमें नक्शा, निर्माण सामग्री, मजदूरी, बिजली, प्लंबिंग और फिनिशिंग का खर्च शामिल करें। किसी अनुभवी आर्किटेक्ट या इंजीनियर से नक्शा बनवाएं। निर्माण शुरू होने के बाद डिजाइन में बार-बार बदलाव करने से अतिरिक्त पैसे खर्च होते हैं। अचानक आने वाले खर्चों के लिए भी कुछ रकम अलग रखें।
सही निर्माण सामग्री चुनें
घर बनाने में सीमेंट, सरिया और ईंट जैसी सामग्री पर काफी पैसा खर्च होता है। इसलिए अलग-अलग दुकानदारों से कीमतों की तुलना जरूर करें। जहां जरूरी हो वहां इंजीनियर की सलाह से फ्लाई ऐश ईंट या AAC ब्लॉक जैसे विकल्प चुन सकते हैं। हालांकि, सस्ती सामग्री खरीदने के चक्कर में उसकी क्वालिटी और मजबूती से समझौता नहीं करना चाहिए।
सरल डिजाइन से बचाएं पैसे
घर का डिजाइन जितना कॉम्प्लेक्स होगा, निर्माण का खर्च उतना बढ़ सकता है। बेफिजूल दीवारें, सजावटी खंभे और कॉम्प्लेक्स छत बनाने से बचें। साधारण आयताकार डिजाइन कई मामलों में ज्यादा किफायती होता है। इससे सामग्री की बर्बादी कम होती है और मजदूरी पर होने वाला खर्च भी कंट्रोल में रहता है।
लोकल सामग्री का इस्तेमाल करें
निर्माण सामग्री दूर से मंगवाने पर ट्रांसपोर्टेशन का खर्च बढ़ जाता है। इसलिए लोकल बाजार में उपलब्ध अच्छी क्वालिटी वाली सामग्री को प्राथमिकता दें। ईंट, रेत और पत्थर खरीदते समय उनकी कीमत और ढुलाई का खर्च मिलाकर तुलना करें। थोक खरीदारी से भी बचत हो सकती है।
मजदूरी और ठेकेदार का खर्च समझें
निर्माण शुरू करने से पहले अलग-अलग ठेकेदारों से लिखित कोटेशन लें। मजदूरी, सामग्री और काम पूरा करने की समयसीमा स्पष्ट करें। पेमेंट निर्माण के अलग-अलग चरणों से जोड़ना बेहतर रहेगा। इससे बेफिजूल खर्च और काम में देरी की संभावना कम होगी।
फिनिशिंग पर समझदारी से खर्च करें
घर की फिनिशिंग में टाइल्स, पेंट, दरवाजे और फिटिंग्स पर काफी पैसा खर्च होता है। महंगे ब्रांड खरीदने के बजाय टिकाऊ और बजट के मुताबिक विकल्प चुनें। शुरुआत में जरूरी काम पूरे करें और गैरजरूरी सजावट बाद में करवाएं। इससे बजट संभालना आसान होगा।
