यूटिलिटी

UP नंबर गाड़ी है तो सावधान! 16 अप्रैल के बाद नहीं बनेगा पॉल्यूशन सर्टिफिकेट, सीधे कटेगा 5000 रुपये का चालान

HSRP UP rules 2026: यूपी में वाहन चलाने वालों के लिए राज्य सरकार की ओर से एक लेटेस्ट अपडेट जारी किया गया है। परिवहन विभाग ने अब HSRP (हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) और प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUCC) को लेकर नियम कड़े कर दिए हैं।

Image

HSRP Number Plate (Photo: X handle/@uptransportdept)

HSRP UP rules 2026: उत्तर प्रदेश में वाहन चलाने वालों के लिए परिवहन विभाग ने एक बेहद महत्वपूर्ण और कड़ा निर्देश जारी किया है। अगर आपके पास भी यूपी नंबर गाड़ी है तो यह जानकारी आपके लिए और भी जरूरी हो जाती है। खासकर वे वाहन चालक जिन्होंने अभी तक अपने वाहन पर High-Security Registration Plate (HSRP) नहीं लगवाई है उन्हें अब भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। नए नियमों के अनुसार, बिना HSRP वाली गाड़ियों को अब Pollution Under Control Certificate (PUCC) यानी प्रदूषण प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाएगा।

16 अप्रैल 2026 से नई व्यवस्था लागू

उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, राज्य में 16 अप्रैल 2026 से यह नई व्यवस्था पूरी तरह लागू की जा रही है। अब सर्वर को इस तरह अपडेट किया गया है कि बिना वैलिड HSRP नंबर के वाहन का डेटा PUCC पोर्टल पर स्वीकार नहीं होगा। इसका सीधा मतलब है कि अगर आपकी नंबर प्लेट पुरानी है, तो आप प्रदूषण की जांच भी नहीं करा पाएंगे।

भारी जुर्माने का है प्रावधान

नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन मालिकों की जेब पर भारी बोझ पड़ सकता है-

बिना HSRP के चालान: अगर आपके वाहन में हाई-सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं है, तो आप पर 5,000 रुपये तक का भारी चालान हो सकता है।

बिना PUCC के चालान: बिना HSRP के प्रदूषण सर्टिफिकेट नहीं बनेगा, इसलिए आप बिना वैध PUCC के गाड़ी चलाने के भी दोषी माने जाएंगे, जिसका अलग से जुर्माना भरना होगा।

इन वाहनों को मिली है विशेष छूट

सरकार ने उन लोगों को राहत दी है जिनके पास पुरानी या 'एंटीक' गाड़ियां हैं और उनकी निर्माता कंपनियां अब बंद हो चुकी हैं।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बंद हो चुके वाहन निर्माता कंपनियों के मॉडल्स को इस नियम से छूट मिलेगी-

  • Hindustan Motors: Ambassador, Contessa
  • Premier Automobiles: Padmini, President, Starline
  • Sipani Automobiles: Dolphin, Montana, Montego
  • Standard Motors: Herald, Standard 2000
  • Chinkara Motors: Parx Roadster/Jeepster

HSRP के लिए कैसे करें ऑनलाइन अप्लाई?

अगर आपने अभी तक अप्लाई नहीं किया है, तो इन कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं-

  • आधिकारिक पोर्टल (www.bookmyhsrp.com) पर जाएं।
  • अपने वाहन का प्रकार (Two Wheeler/Four Wheeler) और अन्य जानकारी (Registration No, Chassis No आदि) भरें।
  • अपनी सुविधानुसार नजदीकी डीलर और फिटमेंट का समय (Appointment) चुनें।
  • निर्धारित समय पर जाकर अपनी नई नंबर प्लेट लगवाएं ।
Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article