Business Ideas for Women: आज के समय में महिलाएं घर की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भी बनना चाहती हैं। दिल्ली जैसे बड़े शहर में घर बैठे कमाई करने के कई अवसर मौजूद हैं। खास बात यह है कि इसके लिए किसी बड़े निवेश या दुकान खोलने की जरूरत नहीं है। महिलाएं अपनी रुचि, हुनर और बजट के हिसाब से छोटे स्तर पर बिजनेस शुरू कर सकती हैं। इस आर्टिकल में 7 ऐसे ही बिजनेस आइडिया दे रहे हैं, जो आपकी कमाई का जरिया बन सकते हैं-
मेहंदी लगाने का बिजनेस
अगर आपको मेहंदी लगाने का शौक है तो इसे कमाई का जरिया बना सकती हैं। दिल्ली में शादी, त्योहारों, सावन, करवाचौथ, दिवाली और तीज जैसे अवसरों पर मेहंदी लगाने वालों की मांग रहती है। आप घर पर ही मेहंदी लगाने की सर्विस शुरू कर सकती हैं। इसके अलावा ब्राइडल मेहंदी के ऑर्डर लेकर भी अच्छी कमाई कर सकती हैं।
आर्टिफिशियल ज्वेलरी का बिजनेस
महिलाएं घर से आर्टिफिशियल ज्वेलरी बेचने का काम शुरू कर सकती हैं। इसके लिए होलसेल मार्केट से कम कीमत पर नेकलेस, झुमके, चूड़ियां खरीदकर सोशल मीडिया के जरिए बेच सकती हैं। शुरुआत में कम स्टॉक रखें और ग्राहकों की पसंद के अनुसार नए डिजाइन शामिल करें।
सूट और डिजाइनर ब्लाउज सिलाई
अगर आपको सिलाई आती है तो यह अच्छा बिजनेस हो सकता है। महिलाएं घर पर ही सूट, कुर्ती, पेटीकोट और डिजाइनर ब्लाउज सिलने के ऑर्डर ले सकती हैं। दिल्ली में कस्टमाइज्ड कपड़ों की अच्छी मांग है। आप वॉट्सऐप पर अपने डिजाइन और काम की तस्वीरें साझा कर ग्राहक बना सकती हैं।
हैंडमेड कैंडल और साबुन बनाना
खूबसूरत खुशबूदार कैंडल और हैंडमेड साबुन की मांग गिफ्टिंग और होम डेकोर के लिए रहती है। महिलाएं इन्हें घर पर बनाकर ऑनलाइन बेच सकती हैं। त्योहारों और खास मौकों के लिए गिफ्ट पैक तैयार करना भी कमाई बढ़ाने का अच्छा तरीका है।
होम डेकोर और हैंडमेड क्राफ्ट प्रोडक्ट्स बेचना
पेंटिंग, वॉल हैंगिंग, सजावटी सामान और हैंडमेड शोपीस बनाना पसंद है तो इस हुनर को बिजनेस में बदल सकती हैं। इन प्रोडक्ट्स को इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप के जरिए बेचा जा सकता है।
कस्टमाइज्ड स्क्रैपबुक और फोटो एल्बम बनाना
जन्मदिन, शादी, सालगिरह और अन्य खास मौकों पर पर्सनलाइज्ड फोटो एल्बम और स्क्रैपबुक की मांग रहती है। महिलाएं ग्राहकों की पसंद के अनुसार इन्हें डिजाइन कर बेच सकती हैं।
बच्चों के लिए वीकेंड डांस क्लास
अगर आपकी डांस में रुचि है और आप सभी तरह के डांस स्टेप्स आसानी से कर लेती हैं तो घर पर बच्चों के लिए वीकेंड डांस क्लास शुरू कर सकती हैं। इसके लिए घर में थोड़ी खाली जगह और स्पीकर की जरूरत होगी। शुरुआत में आसपास के बच्चों को सिखाएं और धीरे-धीरे बैच बढ़ा सकती हैं।
