भारत में ट्रेन यात्रा करने का सबसे सरल और सुगम साधन है। हर दिन लाखों की संख्या में लोग ट्रेन से सफर करते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए इंडियन रेलवे तेजी से अपने आप को नई-नई टेक्नोलॉजी के साथ अपग्रेड कर रही है। ट्रेन से सफर के दौरान या फिर स्टेशन में आपके जब भी किसी दूसरी ट्रेन को गुजरते हुए देखा होगा तो गौर किया होगा कि ट्रेन के आखिरी बोगी में आपको बड़े अक्षर में 'X' और 'LV' लिखा हुआ देखा होगा। क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर इन अक्षरों का क्या मतलब है और इन्हें क्यों लिखा जाता है?
अगर आपको लगता है कि इन्हें बस यू ही लिख दिया जाता है तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। आपको बता दें कि 'X' और 'LV'ये दोनों निशान भारतीय रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनका सीधा संबंधा ट्रेन के सुरक्षित सुरक्षा संचालन से होता है। आइए आपको इन दोनों के बारे में जानकारी देते हैं।
'X' का क्या मतलब होता है?
ट्रेन की आखिरी बोगी पर बना बड़ा 'X' इस बात का संकेत होता है कि यह ट्रेन का अंतिम डिब्बा है। जब कोई ट्रेन किसी स्टेशन, केबिन या रेलवे फाटक से गुजरती है, तो वहां मौजूद स्टेशन मास्टर, गार्ड और रेलवे कर्मचारी इस निशान को देखकर सुनिश्चित करते हैं कि ट्रेन पूरी की पूरी गुजर चुकी है।अगर किसी ट्रेन की आखिरी बोगी पर 'X' दिखाई नहीं देता, तो रेलवे कर्मचारियों को संदेह होता है कि कहीं ट्रेन का कोई डिब्बा बीच रास्ते में अलग तो नहीं हो गया। ऐसी स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दी जाती है और आवश्यक सुरक्षा कदम उठाए जाते हैं।
'LV' का क्या मतलब है?
ट्रेन के आखिरी बोगी पर लिखा 'LV' का अर्थ होता है Last Vehicle यानी ट्रेन का अंतिम डिब्बा। यह संकेत भी रेलवे कर्मचारियों को यह पुष्टि करने में मदद करता है कि ट्रेन का आखिरी हिस्सा सुरक्षित रूप से गुजर चुका है। 'LV' विशेष रूप से परिचालन और सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं में उपयोगी होता है, ताकि किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति पैदा न हो।लाल रंग की लाइट या लाल झंडी क्यों होती है?
आपने देखा होगा कि ट्रेन की अंतिम बोगी पर अक्सर लाल रंग की लाइट या दिन के समय लाल झंडी/रिफ्लेक्टर भी लगाया जाता है। इसका उद्देश्य यह बताना होता है कि ट्रेन यहीं समाप्त हो गई है। रात के समय लाल लाइट दूर से ही दिखाई देती है, जिससे पीछे आने वाली ट्रेनों के चालक और रेलवे कर्मचारी आसानी से पहचान सकें कि यह ट्रेन का आखिरी हिस्सा है।रेलवे नेटवर्क पर हर दिन हजारों ट्रेनें चलती हैं। ऐसे में छोटी-सी चूक भी बड़ा हादसा बन सकती है। 'X', 'LV' और लाल लाइट जैसे संकेत कई तरह से सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
