यूटिलिटी

1 अक्टूबर से बदल जाएंगे ये 7 बड़े नियम, आपकी जेब पर होगा सीधा असर

Financial Rules Changing: अक्टूबर का महीना लोगों के लिए कई नई सौगातें और कुछ कड़ाई भी लेकर आ रहा है। 1 अक्टूबर से देशभर में ऐसे 7 बड़े बदलाव लागू होने वाले हैं, जो सीधे आपकी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करेंगे। आइए आपको भी बताते हैं कौन से नियम 1 अक्टूबर से बदल रहे हैं।

Image

Financial Rules Changing

Financial Rules Changing: अक्टूबर का महीना शुरू होने में महज 2 दिन बचे हैं और अक्टूबर महीने की शुरुआत से ही देशभर में 7 बड़े बदलाव होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ने वाला है। दरअसल, हर महीने की शुरुआत में कुछ बदलाव होते हैं और कुछ चीजों के दाम तय होते हैं जिनका सीधा संबंध आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी से होता है। 1 अक्टूबर से जो बड़े बदलाव होने जा रहे हैं उनमे ऑनलाइन गेमिंग से लेकर रेल टिकट बुकिंग, UPI और पेंशन योजना तक के नियमों से जुड़े हुए हैं।

रेलवे टिकट बुकिंग में बदलाव

अगर आप भी ट्रेन सफर के लिए IRCTC की वेबसाइट से टिकट बुकिंग करते हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। क्योंकि IRCTC ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग में दलाली और दुरुपयोग रोकने के लिए एक बड़ा नियम लागू किया है जो 1 अक्टूबर से लागू हो जायेगा। 2 दिन बाद यानी 1 अक्टूबर से जनरल रिजर्वेशन खुलने के शुरुआती 15 मिनट में केवल वही यात्री टिकट बुक कर पाएंगे, जिनका IRCTC अकाउंट आधार से वेरिफाइड है। ये नियम तत्काल टिकट बुकिंग के लिए लाया गया है जिससे दलालों पर लगाम लगेगी और आम यात्रियों को टिकट मिलने में आसानी होगी।

नेशनल पेंशन सिस्टम

पेंशन फंड रेगुलेटर और विकास प्राधिकरण (PFRDA) ने NPS में बड़ा बदलाव किया है, जिसे मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क (MSF) नाम दिया गया है। अब गैर-सरकारी क्षेत्र के कर्मचारी, कॉर्पोरेट पेशेवर और गिग वर्कर्स एक ही पैन नंबर से NPS की कई स्कीमों में निवेश कर पाएंगे। इसका फायदा निवेशकों को ये होगा कि निवेशकों को जरूरत के हिसाब से निवेश चुनने की आजादी मिलेगी और लोगों की रिटायरमेंट प्लानिंग मजबूत होगी।

UPI में बड़ा बदलाव

आजकल UPI लगभग सभी इस्तेमाल करते हैं। 1 अक्टूबर से UPI का 'कलेक्ट रिक्वेस्ट' या 'पुल ट्रांज़ैक्शन' फीचर बंद हो रहा है। यानी अब UPI ऐप्स पर किसी दोस्त या रिश्तेदार से सीधे पैसे मांगने का विकल्प नहीं मिलेगा। इससे धोखाधड़ी जैसे मामलों में राहत मिलने की संभावना है।

ऑनलाइन गेमिंग पर कड़ाई

सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग इंडस्ट्री को और पारदर्शी व सुरक्षित बनाने के लिए नया कानून लागू कर दिया है। अब गेमिंग कंपनियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। इसका मकसद खिलाड़ियों को धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े से बचाना है, ताकि इंडस्ट्री में भरोसा और पारदर्शिता बनी रहे।

एलपीजी सिलेंडर की कीमतें होंगी रिवाइज

तेल कंपनियां हर महीने की तरह 1 अक्टूबर को घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करेंगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति के हिसाब से कीमतें बढ़ या घट सकती हैं। इसका सीधा असर लोगों के रसोई खर्च पर पड़ेगा।

रेपो रेट और लोन पर नजर

अक्टूबर की शुरुआत में आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक होगी। इस दौरान रेपो रेट और अन्य वित्तीय फैसलों का ऐलान किया जाएगा। अगर रेपो रेट घटता है, तो होम लोन और कार लोन की ब्याज दरें कम हो सकती हैं। इससे लोगों की EMI का बोझ हल्का हो सकता है।

पीएफ होल्डर्स के लिए नई सुविधाएं

पीएफ अकाउंट होल्डर्स के लिए भी अक्टूबर अहम हो सकता है। इस महीने न्यूनतम पेंशन को ₹1,000 से बढ़ाकर ₹1,500–2,500 करने पर चर्चा हो सकती है। इसके साथ ही, EPFO अपनी नई डिजिटल सेवा EPFO 3.0 लॉन्च कर सकता है, जिससे पीएफ से जुड़ी ऑनलाइन सेवाएं तेज और आसान हो जाएंगी। इसका सीधा फायदा लाखों पेंशनभोगियों और कर्मचारियों को मिलेगा।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article