दिल्ली में 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद करने का फैसला लिया गया है। वहीं, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों से आने-जाने वाली ट्रेनों पर भी असर पड़ेगा। इसके अलावा शराब की खुदरा दुकानें बंद रहेंगी। ऐसे में अगर आप कल दिल्ली में बैंक, मेट्रो, ट्रेन या किसी अन्य जरूरी काम से बाहर निकलने वाले हैं, तो पहले सेवाओं की स्थिति जान लेना बेहतर होगा।
सुप्रीम कोर्ट ने मेट्रो स्टेशन बंद करने पर क्या कहा?
दिल्ली में मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने भी सवाल उठाए। सुनवाई के दौरान अदालत ने चिंता जताई कि इस तरह के प्रतिबंधों से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और आजीविका प्रभावित हो सकती है। अदालत ने कहा कि सभी चीजें बंद नहीं की जा सकतीं और यह भी ध्यान रखना होगा कि हर व्यक्ति के पास निजी वाहन नहीं होता। बड़ी संख्या में लोग आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर हैं।
सुनवाई में प्रदर्शन के लिए किसी बड़े स्थान का विकल्प तलाशने और आम लोगों को होने वाली असुविधा कम करने पर भी सवाल उठे। केंद्र सरकार की ओर से पहले हुए प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया गया। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आम लोगों की आवाजाही बनाए रखना भी अहम मुद्दा बना हुआ है।
दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों पर प्रतिबंध
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने की घोषणा की है। ये प्रतिबंध अगले आदेश तक लागू रह सकते हैं। प्रभावित स्टेशनों में राजीव चौक, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और कश्मीरी गेट जैसे स्टेशन शामिल हैं। हालांकि, प्रभावित स्टेशनों में से नई दिल्ली स्टेशन को छोड़कर अन्य स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहने की जानकारी दी गई है। यात्रियों को निकलने से पहले DMRC की ताजा सूचना जरूर देखनी चाहिए।
नई दिल्ली और निजामुद्दीन स्टेशन से ट्रेनें प्रभावित
रेलवे के मुताबिक, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेन सेवाएं रद्द रहेंगी। इस फैसले से राजधानी और शताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेनों समेत कई मेल और एक्सप्रेस सेवाएं प्रभावित होंगी। कुछ ट्रेनों को पहले ही रद्द किया गया है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि देशभर की सभी ट्रेनें बंद रहेंगी। यात्रियों को अपनी ट्रेन का नंबर डालकर IRCTC या रेलवे के आधिकारिक माध्यमों पर स्टेटस जांचना चाहिए।
बैंक और शराब की दुकानें रहेंगी बंद
10 अक्टूबर महीने का दूसरा शनिवार है, इसलिए बैंकों में सामान्य बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। यह छुट्टी देशभर के बैंकों पर लागू होगी, हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रह सकती हैं। दिल्ली में आबकारी विभाग के आदेश के अनुसार, 9 और 10 अक्टूबर को खुदरा शराब की दुकानें भी बंद रहेंगी।
अस्पताल और इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी चालू
सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पतालों और आपातकालीन सेवाओं के चालू रहने की जानकारी दी गई है। जरूरत पड़ने पर लोग अस्पताल जा सकते हैं, लेकिन रास्तों पर संभावित ट्रैफिक और सुरक्षा प्रतिबंधों को ध्यान में रखकर निकलें। कुल मिलाकर, कल दिल्ली में यात्रा करने वालों को मेट्रो और ट्रेन की स्थिति पहले जांचनी चाहिए और जरूरी न होने पर प्रभावित इलाकों में जाने से बचना चाहिए।
