यूटिलिटी

उज्ज्वला योजना लाभार्थियों के लिए जरूरी खबर! इस तरीख तक पूरा करें KYC, नहीं तो बंद हो जाएगी LPG सब्सिडी

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत एलपीजी गैस कनेक्शन लेने वाले करोड़ों लाभार्थियों के लिए एक जरूरी अपडेट सामने आया है। एलपीजी सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए लाभार्थियों को अपनी ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

Image

इस तरीख तक पूरा करें KYC, नहीं तो बंद हो जाएगी LPG सब्सिडी (AI Generated Image)

LPG e-KYC Deadline: एलपीजी गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए एक जरूरी अपडेट सामने आया है। अगर आपने अभी तक अपने एलपीजी कनेक्शन की e-KYC (इलेक्ट्रॉनिक केवाईसी) प्रक्रिया पूरी नहीं की है तो इसे जल्द पूरा कर लेना बेहतर होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्राहकों को 16 अगस्त 2026 तक e-KYC पूरी करने की सलाह दी गई है, ताकि एलपीजी सब्सिडी और कनेक्शन से जुड़ी सुविधाओं में किसी तरह की परेशानी न आए।

क्यों जरूरी है LPG e-KYC?

सरकार और तेल विपणन कंपनियां (OMCs) एलपीजी कनेक्शन को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए समय-समय पर ग्राहकों का वेरिफिकेशन करती हैं। e-KYC के जरिए ग्राहक की पहचान आधार आधारित सत्यापन से की जाती है, जिससे सही लाभार्थी तक सब्सिडी का फायदा पहुंच सके और फर्जी या डुप्लीकेट कनेक्शन पर रोक लगाई जा सके। खासकर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण है, क्योंकि सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए पहचान सत्यापन जरूरी हो सकता है।

e-KYC नहीं कराने पर क्या होगा?

अगर कोई ग्राहक समय पर e-KYC पूरी नहीं करता है, तो उसे एलपीजी सब्सिडी मिलने में परेशानी आ सकती है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सब्सिडी का पैसा सही व्यक्ति तक पहुंचे और किसी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।

कैसे पूरी करें LPG e-KYC?

ग्राहक अपनी गैस एजेंसी पर जाकर e-KYC प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा, ऑयल मार्केटिंग कंपनियां अपने मोबाइल ऐप के जरिए भी आधार आधारित वेरिफिकेशन की सुविधा उपलब्ध करवाती हैं। ग्राहक घर बैठे भी कुछ मामलों में मोबाइल और आधार फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

e-KYC के लिए आमतौर पर आधार कार्ड, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और एलपीजी कनेक्शन से जुड़ी जानकारी की जरूरत पड़ सकती है।

उज्ज्वला योजना लाभार्थियों के लिए खास ध्यान देने वाली बात

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी गरीब परिवारों के लिए आर्थिक मदद का बड़ा जरिया है। ऐसे में लाभार्थियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका आधार, बैंक खाता और एलपीजी कनेक्शन की जानकारी सही तरीके से अपडेट हो। अगर दस्तावेजों में कोई गलती है या मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, तो समय रहते इसे ठीक करवा लेना चाहिए ताकि भविष्य में सब्सिडी ट्रांसफर या गैस बुकिंग के दौरान परेशानी न हो।

फर्जी कॉल और मैसेज से रहें सावधान

हालांकि, ध्यान रहे आपको e-KYC के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से भी सावधान रहने की जरूरत है। किसी अनजान व्यक्ति को अपना OTP, बैंक डिटेल या आधार से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा न करें। e-KYC हमेशा अधिकृत गैस एजेंसी, कंपनी के आधिकारिक ऐप या प्रमाणित माध्यम से ही करें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article