Dhanteras Jewellery Shopping Guide : भारत में धनतेरस का त्योहार समृद्धि, सुख और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इस पावन अवसर पर सोने, चांदी, हीरे और पोलकी-जड़ाऊ आभूषणों की खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है। लेकिन त्योहार के उत्साह में अक्सर लोग आभूषणों की शुद्धता, हॉलमार्किंग और प्रामाणिकता की जांच करना भूल जाते हैं, जिससे बाद में उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। अगर आप भी इस धनतेरस आभूषण खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो खरीदारी को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए यह उपभोक्ता गाइड आपके बहुत काम आ सकती है।
सोने का हॉलमार्क और डायमंड सर्टिफिकेट में अंतर समझें
ज्वेलरी खरीदारों के बीच एक सबसे बड़ी गलतफहमी यह होती है कि यदि किसी आभूषण पर BIS हॉलमार्क लगा है, तो वह उसमें लगे हीरे और रत्नों की भी गारंटी देता है।
- BIS हॉलमार्क (BIS Hallmark):- यह केवल आभूषण में इस्तेमाल किए गए सोने की शुद्धता, कैरेट और बीआईएस नियमों के पालन को प्रमाणित करता है। यह हीरे की गुणवत्ता, उसके वजन या रत्नों की प्रामाणिकता की गारंटी नहीं देता।
- डायमंड सर्टिफिकेट (Diamond Certificate):- यह एक स्वतंत्र प्रयोगशाला द्वारा जारी की जाने वाली रिपोर्ट होती है, जो हीरे के कट (Cut), क्लेरिटी (Clarity), कलर (Color), कैरेट (Carat) और उसके प्राकृतिक या लैब-ग्रोन होने की पुष्टि करती है।
सरल शब्दों में कहें तो, हॉलमार्क सोने की शुद्धता की गारंटी है और डायमंड सर्टिफिकेट हीरे की गुणवत्ता का प्रमाण। इसलिए डायमंड ज्वेलरी खरीदते समय दोनों दस्तावेज मांगना न भूलें।
सोने के हॉलमार्क की जांच कैसे करें?
धनतेरस पर सोना खरीदते समय धोखाधड़ी से बचने के लिए इन आसान स्टेप्स का पालन करें:-
- तीन मुख्य निशान देखें:- असली हॉलमार्क ज्वेलरी पर हमेशा 3 चिन्ह होते हैं, BIS लोगो, सोने की शुद्धता/फाइननेस का अंक, और 6 अंकों का अल्फान्यूमेरिक HUID (हॉलमार्क विशिष्ट पहचान संख्या)।
- शुद्धता अंक पहचानें:- 22 कैरेट सोने के आभूषण पर 916 और 18-कैरेट सोने पर 750 का मार्क होना चाहिए।
- BIS Care App का उपयोग करें:- अपने मोबाइल में 'BIS Care App' डाउनलोड करें और उसके ‘Verify HUID’ फीचर में जाकर आभूषण का HUID कोड दर्ज करें।
- डिटेल का मिलान करें:- ऐप पर दिखने वाली जानकारी (जैसे ज्वेलरी का प्रकार और कैरेट) का अपनी खरीदी जा रही ज्वेलरी से मिलान करें।
हीरे की गुणवत्ता और सर्टिफिकेशन
हीरे के आभूषण खरीदते समय अतिरिक्त सतर्कता की आवश्यकता होती है। जब भी आप डायमंड ज्वेलरी खरीदें, तो उसका आधिकारिक सर्टिफिकेट जरूर लें। एक सही और मान्य डायमंड सर्टिफिकेट में निम्नलिखित विवरण होने चाहिए। हीरे का यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर,,कैरेट वजन (Carat weight), कलर ग्रेड और क्लेरिटी ग्रेड,,कट क्वालिटी (Cut quality) और माप (Measurements),फ्लोरोसेंस डिटेल (Fluorescence details)।
GIA बनाम IGI: कौन सा सर्टिफिकेशन बेहतर है?
हीरे के सर्टिफिकेशन के लिए वैश्विक स्तर पर दो मुख्य प्रयोगशालाएं सबसे ज्यादा भरोसेमंद मानी जाती हैं:-
- GIA (Gemological Institute of America):- इसे दुनिया भर में सबसे प्रतिष्ठित और सख्त मानकों वाली डायमंड ग्रेडिंग अथॉरिटी माना जाता है। इसकी अंतरराष्ट्रीय मान्यता और विश्वसनीयता सबसे अधिक है।
- IGI (International Gemological Institute):- यह अपनी व्यापक सेवाओं और वैश्विक पहुंच के लिए जानी जाती है। ज्यादातर ज्वेलरी रिटेलर्स IGI सर्टिफिकेट का उपयोग करते हैं।
बड़े या महंगे हीरे खरीदते समय GIA या IGI जैसी मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं का ही सर्टिफिकेट मांगें और लैब की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उसकी प्रामाणिकता की जांच करें।
पोलकी और जड़ाऊ ज्वेलरी खरीदते समय 5 जरूरी चेक
पारंपरिक पोलकी और जड़ाऊ गहनों में केवल सोने का ही नहीं, बल्कि अनकट डायमंड्स और रंगीन पत्थरों का भी इस्तेमाल होता है। इन्हें खरीदते समय इन 5 बातों का ध्यान रखें:-
- स्टोन की पहचान:- ज्वेलर से स्पष्ट पूछें कि ज्वेलरी में अनकट डायमंड (पोलकी), कीमती रत्न या सिंथेटिक मटेरियल क्या इस्तेमाल किया गया है।
- पत्थरों की गुणवत्ता:- यह जानें कि आभूषण में लगे पत्थरों का मूल्यांकन किस आधार पर किया गया है और क्या उनका कोई दस्तावेज उपलब्ध है।
- ट्रीटमेंट की जानकारी:- पूछें कि क्या पत्थरों पर कोई रासायनिक या अन्य ट्रीटमेंट (Gemstone Treatments) किया गया है।
- कीमत का ब्रेकअप (Price Breakdown):- बिल में सोने की कीमत, पत्थरों का मूल्य और मेकिंग चार्ज (कारीगरी) अलग-अलग दर्ज करवाएं।
- लिखित दस्तावेज (Invoice):- हमेशा पक्का बिल (GST Invoice) लें, जिसमें सोना, डायमंड और मेकिंग चार्ज का पूरा ब्योरा दर्ज हो, साथ ही सभी सर्टिफिकेशन संभालकर रखें।
इन आसान सावधानियों को अपनाकर आप इस धनतेरस पर बिना किसी संदेह के पूरी सुरक्षा और समझदारी के साथ अपने मनपसंद आभूषणों की खरीदारी कर सकते हैं।
