देश

ममता के बागियों को NCPI में बड़ी जिम्मेदारी, यूसुफ पठान को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किया नियुक्त, काकोली घोष को नहीं मिली जगह

NCPI New National Committee: नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) ने नए राष्ट्रीय संगठनात्मक ढांचे का ऐलान किया है, जिसमें ममता बनर्जी के बागी सांसदों को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Image

क्रिकेटर से नेता बने यूसुफ पठान (फाइल फोटो)

NCPI New National Committee: नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) ने नए राष्ट्रीय संगठनात्मक ढांचे का ऐलान किया है, जिसमें ममता बनर्जी के बागी सांसदों को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एनसीपी ने तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसद यूसुफ पठान, अभिनेता से नेता बने दीपक अधिकारी देव समेत तृणमूल कांग्रेस के सात पूर्व सांसदों को अहम पद सौंपा है।

ये नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं, जब एनसीपीआई पश्चिम बंगाल में तृणमूल नेताओं और सांसदों के पार्टी में शामिल होने के बाद अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के 20 पूर्व सांसदों के खिलाफ दलबदल रोधी कानून के तहत अयोग्य ठहराने की मांग वाली याचिकाएं भी लंबित हैं।

ममता के बागियों पर NCPI ने जताया भरोसा

एनसीपीआई द्वारा घोषित 27 राष्ट्रीय पदाधिकारियों में से सात उन 20 पूर्व तृणमूल कांग्रेस सांसदों में शामिल हैं, जिन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल छोड़कर पार्टी का दामन थामा था। इसके साथ ही एनसीपीआई के नए संगठनात्मक ढांचे में इन पूर्व सांसदों की महत्वपूर्ण मौजूदगी हो गई है।

काकोली घोष को नहीं मिली जगह

हालांकि, इस सूची में कुछ प्रमुख नाम शामिल नहीं हैं। बागी सांसदों के खेमे में प्रमुख भूमिका निभाने वाले तृणमूल के वरिष्ठ सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय और काकोली घोष दस्तीदार को नए पदाधिकारियों की सूची में जगह नहीं दी गई है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ज्योति प्रकाश चटर्जी को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस के छह पूर्व सांसदों को 27 सदस्यीय नए संगठनात्मक ढांचे में शीर्ष पदों पर जगह दी गई है। पठान, देव, अबू ताहेर खान, बसुनिया और बनर्जी के साथ चंद्रिमा पांजा को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

सनद रहे कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के 27 में से 20 लोकसभा सदस्यों के पार्टी छोड़ने और भाजपा नीत राजग को समर्थन देते हुए एनसीपीआई में शामिल होने के लगभग चार महीने बाद ये नियुक्तियां हुई हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article