टेक एंड गैजेट्स

WhatsApp पर सामने वाले ने डिलीट कर दिया मैसेज? Android का ये फीचर आ सकता है काम, ऐसे पढ़ें

यह फीचर फोन पर आने वाले नोटिफिकेशन का रिकॉर्ड रखता है। अगर मैसेज आने के समय Notification History पहले से चालू थी, तो मैसेज डिलीट होने के बाद भी उसका कुछ हिस्सा नोटिफिकेशन हिस्ट्री में दिखाई दे सकता है।

Image

डिलीट मैसेज कैसे देखें?

अगर आपके फोन पर किसी का मैसेज आया और नोटिफिकेशन देखने से पहले ही सामने वाले ने उसे डिलीट कर दिया, तो जाहिर है आप सोचेंगे कि आखिर मैसेज में क्या लिखा था। ज्यादातर मैसेजिंग ऐप डिलीट किए गए मैसेज को दोबारा पढ़ने का कोई सीधा विकल्प नहीं देते। हालांकि, Android फोन में मौजूद Notification History फीचर कुछ मामलों में आपकी मदद कर सकता है।

यह फीचर फोन पर आने वाले नोटिफिकेशन का रिकॉर्ड रखता है। अगर मैसेज आने के समय Notification History पहले से चालू थी, तो मैसेज डिलीट होने के बाद भी उसका कुछ हिस्सा नोटिफिकेशन हिस्ट्री में दिखाई दे सकता है।

Samsung फोन में ऐसे ऑन करें Notification History

अगर आप Samsung स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं, तो सबसे पहले Settings खोलें। इसके बाद Notifications में जाएं और Advanced settings पर टैप करें। अब Notification history विकल्प चुनें और वहां दिए गए टॉगल को ऑन कर दें।

दूसरे Android फोन में भी यह फीचर मिल सकता है। इसके लिए Settings > Notifications > Notification history में जाएं और Use notification history को ऑन कर दें। अगर विकल्प नहीं मिल रहा है तो Settings के सर्च बॉक्स में “Notification history” लिखकर खोज सकते हैं।

डिलीट मैसेज कैसे देखें?

एक बार Notification History एक्टिवेट होने के बाद फोन आने वाले नोटिफिकेशन को रिकॉर्ड करना शुरू कर देगा। अगर किसी मैसेजिंग ऐप से मैसेज आता है और बाद में भेजने वाला उसे चैट से डिलीट कर देता है, तो उसका नोटिफिकेशन हिस्ट्री में मौजूद रह सकता है। इसे देखने के लिए Settings > Notifications > Notification History खोलें और संबंधित मैसेजिंग ऐप का नोटिफिकेशन खोजें। वहां आपको मूल नोटिफिकेशन में दिखाई देने वाला मैसेज का हिस्सा मिल सकता है।

लेकिन इस ट्रिक की कुछ सीमाएं भी हैं

ध्यान रखें कि Notification History कोई डिलीटेड मैसेज रिकवरी टूल नहीं है। इसे मैसेज आने के बाद ऑन करने पर पुराना मैसेज हिस्ट्री में नहीं आएगा। यह फीचर तभी काम करेगा जब मैसेज आने के समय यह पहले से सक्रिय हो। इसके अलावा Android आम तौर पर Notification History में पिछले 24 घंटे के नोटिफिकेशन रखता है। अगर चैट म्यूट है और मैसेज का कोई नोटिफिकेशन ही नहीं आया, तो वह हिस्ट्री में भी रिकॉर्ड नहीं होगा।

लंबे मैसेज की स्थिति में भी पूरा टेक्स्ट दिखाई देना जरूरी नहीं है। Notification History आम तौर पर वही हिस्सा दिखाती है जो मूल नोटिफिकेशन में दिखाई दिया था। इसलिए यह तरीका कभी-कभी डिलीट किए गए मैसेज का अंदाजा लगाने में मदद कर सकता है, लेकिन हर मैसेज को पूरी तरह वापस पढ़ने की गारंटी नहीं देता।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article