यूटिलिटी

खतियान, खेसरा, जमाबंदी और दाखिल-खारिज क्या होता है? समझिए जमीन के कागजात की पूरी जानकारी

खतियान, खेसरा, जमाबंदी और दाखिल-खारिज जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। ये जमीन के मालिक, भूखंड की पहचान, राजस्व रिकॉर्ड और स्वामित्व हस्तांतरण की जानकारी देकर कानूनी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।

Image

जमीन से जुड़े दस्तावेजों को समझना क्यों जरूरी है? (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Land Records : भारत में जमीन खरीदने, बेचने या उसके मालिकाना हक को साबित करने के लिए कई तरह के दस्तावेजों की जरुरत पड़ती है। अक्सर लोगों को खतियान (Khatiyan), खेसरा (Khesra Number), जमाबंदी (Jamabandi) और दाखिल-खारिज (Land Mutation) जैसे शब्द सुनने को मिलते हैं, लेकिन इनके सही मतलब को लेकर भ्रम बना रहता है। जमीन संबंधी विवादों और धोखाधड़ी से बचने के लिए इन दस्तावेजों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। आइए समझते हैं कि ये चारों दस्तावेज क्या हैं और इनका क्या महत्व है।

खतियान क्या होता है?

खतियान जमीन का एक महत्वपूर्ण रिकॉर्ड होता है, जिसमें किसी व्यक्ति या परिवार के नाम पर दर्ज जमीन की पूरी जानकारी होती है। इसे जमीन का पहचान पत्र भी कहा जा सकता है। खतियान में जमीन मालिक का नाम, पिता का नाम, पता, जमीन का क्षेत्रफल और अन्य जरूरी डिटेल रहते हैं। राजस्व विभाग द्वारा तैयार किए जाने वाले इस दस्तावेज से यह पता चलता है कि किसी खास जमीन पर कानूनी रूप से किस व्यक्ति का अधिकार है। जब कोई व्यक्ति अपनी जमीन के स्वामित्व का प्रमाण देना चाहता है, तब खतियान सबसे अहम दस्तावेज माना जाता है।

खेसरा नंबर का क्या मतलब है?

खेसरा नंबर जमीन के एक टुकड़े को दी गई विशिष्ट पहचान संख्या होती है। जिस तरह हर व्यक्ति का आधार नंबर अलग होता है, उसी तरह हर प्लॉट का एक अलग खेसरा नंबर होता है। राजस्व रिकॉर्ड में गांव की पूरी जमीन को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर प्रत्येक प्लॉट को एक नंबर दिया जाता है। इसी नंबर को खेसरा नंबर कहा जाता है। इसके जरिये जमीन की सटीक स्थिति, क्षेत्रफल और सीमाओं की जानकारी प्राप्त की जाती है। जमीन की खरीद-बिक्री या सरकारी रिकॉर्ड की जांच के दौरान खेसरा नंबर सबसे ज्यादा उपयोग में लाया जाता है।

जमाबंदी क्या है?

जमाबंदी जमीन के मालिक और उसके राजस्व रिकॉर्ड का नियमित ब्योरा होता है। इसमें यह दर्ज रहता है कि जमीन किसके नाम पर है और उस जमीन का लगान या राजस्व किसके द्वारा जमा किया जा रहा है। आसान शब्दों में कहें तो जमाबंदी जमीन के वर्तमान मालिकाना हक और राजस्व भुगतान का आधिकारिक रिकॉर्ड है। अगर किसी जमीन की जमाबंदी किसी व्यक्ति के नाम दर्ज है, तो यह माना जाता है कि उस जमीन पर उसका अधिकार है। बैंक से कृषि लोन लेने या सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने में भी जमाबंदी की प्रति उपयोगी साबित होती है।

दाखिल-खारिज क्या होता है?

दाखिल-खारिज को जमीन के नाम चेंजिंग की प्रक्रिया कहा जाता है। जब कोई व्यक्ति जमीन खरीदता है, विरासत में प्राप्त करता है या किसी अन्य माध्यम से जमीन का मालिक बनता है, तब राजस्व रिकॉर्ड में उसका नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया को दाखिल-खारिज कहा जाता है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद पुराने मालिक का नाम रिकॉर्ड से हटाकर नए मालिक का नाम दर्ज कर दिया जाता है। इससे सरकारी रिकॉर्ड्स में वास्तविक मालिक की जानकारी अपडेट हो जाती है। दाखिल-खारिज नहीं कराने पर भविष्य में जमीन संबंधी विवाद खड़े हो सकते हैं।

चारों दस्तावेज एक-दूसरे से कैसे जुड़े हैं?

खेसरा जमीन के टुकड़े की पहचान बताता है, खतियान उस जमीन के मालिक की जानकारी देता है, जमाबंदी वर्तमान राजस्व रिकॉर्ड को दर्शाती है और दाखिल-खारिज मालिकाना हक बदलने की प्रक्रिया को पूरा करता है। यानी ये चारों दस्तावेज मिलकर जमीन के स्वामित्व और रिकॉर्ड की पूरी तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।

जमीन से जुड़े मामलों में खतियान, खेसरा, जमाबंदी और दाखिल-खारिज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। खतियान मालिक की पहचान बताता है, खेसरा जमीन की पहचान करता है, जमाबंदी राजस्व रिकॉर्ड को दर्शाती है और दाखिल-खारिज नए मालिक का नाम सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज कराता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक जमीन खरीदने या बेचने से पहले इन सभी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लेना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी कानूनी विवाद या धोखाधड़ी से बचा जा सके।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article