How to Check Purity of Gold Jewellary: देश के उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की जालसाजी से सुरक्षित रखने के लिए भारत सरकार अपने स्तर पर कई जरूरी कदम उठा रही है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ही सरकार ने BIS Care मोबाइल ऐप लॉन्च किया था। इस ऐप में उपभोक्ता अपने सामान की क्वालिटी की जांच कर सकते हैं। अगर आप गोल्ड खरीदने जा रहे हैं तो आप इस ऐप की मदद से गोल्ड की जांच-पड़ताल कर सकते हैं।
सोने की शुद्धता जांचने के लिए 6 अंकों वाले HUID नंबर की पड़ेगी जरूरत
BIS Care मोबाइल ऐप गोल्ड की शुद्धता, क्वालिटी के बारे में पूरी डिटेल्स दे देगा। आप इस ऐप की मदद से न सिर्फ नया गोल्ड चेक कर सकते हैं बल्कि अपने घर पर रखी गोल्ड की पुरानी ज्वैलरी की शुद्धता भी जांच सकते हैं। हालांकि, बीआईएस केयर ऐप से गोल्ड की शुद्धता जांचने के लिए आपको 6 अंकों वाले HUID नंबर की जरूरत पड़ेगी। यहां हम आपको बताएंगे कि आप अपने गोल्ड ज्वैलरी की शुद्धता और क्वालिटी की कैसे जांच कर सकते हैं।
सोने की शुद्धता जांच करने का क्या है पूरा प्रोसेस
1. सबसे पहले आपको अपने मोबाइल फोन में BIS Care मोबाइल ऐप डाउनलोड करना है।
2. ऐप डाउनलोड करने के बाद आपको अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर करना है।
3. मोबाइल नंबर रजिस्टर होने के बाद आपको ऐप के होमपेज पर दिख रहे Verify HUID पर क्लिक करना है।
4. अब आपको ज्वैलरी पर लिखे 6 अंकों वाले HUID नंबर को डालना है और सर्च पर टैप करना है।
5. सर्च पर टैप करते ही आपके मोबाइल फोन की स्क्रीन पर आपके गोल्ड ज्वैलरी की पूरी डिटेल्स आ जाएंगी।
इन डिटेल्स में सबसे नीचे की ओर Purity के बारे में भी जानकारी दी जाती है कि आपने जो गोल्ड खरीदा है, वो कितने कैरेट का है और किस प्यॉरिटी का है। बताते चलें कि भारत सरकार ने पूरे देश में गोल्ड की सभी ज्वैलरी पर HUID नंबर मार्क करना अनिवार्य कर दिया है।
