गर्मियों के मौसम में एयर कंडीशनर (AC) लगभग हर घर की जरूरत बन चुका है। चिलचिलाती धूप और 50 डिग्री तापमान वाली भीषण गर्मी से राहत देने में एयर कंडीशनर ही हमारी मदद करते हैं। अगर आपके घर में एसी है तो आपने देखा होगा कि इसके ड्रेनेज पाइप से लगातार पानी टपकता रहता है। क्या आपने कभी यह सोचा है कि जब एसी के अंदर कोई पानी का टैंक या पाइप लाइन नहीं होती है तो फिर इसमें से पानी कै से निकलता है? आइए आपको इसके बारे में डिटेल जानकारी देते हैं।
AC से पानी क्यों निकलता है?
एयर कंडीशनर का मुख्य काम कमरे की गर्मी को बाहर निकालना और हवा को ठंडा करना होता है। जब AC कमरे की गर्म और नम हवा को अपने अंदर खींचता है, तो यह हवा एक ठंडी धातु की सतह, जिसे इवैपोरेटर कॉइल (Evaporator Coil) कहा जाता है, के संपर्क में आती है।
हवा में मौजूद जलवाष्प (Water Vapor) ठंडी सतह से टकराकर संघनित (Condense) हो जाती है। यह वही प्रक्रिया है जो ठंडे पानी के गिलास की बाहरी सतह पर पानी की बूंदें बनने पर दिखाई देती है।
कुछ समय के बाद यह नमी पानी में बदल जाती है और AC के अंदर बने ड्रेन पैन में जमा होती है। इसके बाद यह पानी एक ड्रेन पाइप के जरिए बाहर निकाल दिया जाता है। यही कारण है कि AC के नीचे या उसके ड्रेनेज पाइप से पानी टपकता दिखाई देता है।
इनडोर यूनिट से पानी आने का कारण
कई बार देखा जाता है कि स्प्लि एसी के इनडोर यूनिट से पानी टपकने लगता है। अगर आपके एसी में भी ऐसी समस्या आ रही है तो इसके पीछे कई सारी वजहें हो सकती है। कुछ कारणों को आप खुद से ठीक कर सकते हैं।
ड्रेन पाइप का जाम होना: यह सबसे आम कारण है। समय के साथ ड्रेन पाइप में धूल, गंदगी, फंगस या काई जमा हो सकती है। पाइप ब्लॉक होने पर पानी बाहर नहीं निकल पाता और इनडोर यूनिट से रिसने लगता है।
ड्रेन पाइप का ठीक से सेट न होना: अगर एसी के इनडोर यूनिट से पानी आ रहा है तो यह भी एक कारण हो सकता है। कई बार ड्रेनेज पाइप थोड़ा उठा हुआ होता है जिसकी वजह से पाइप का पानी बाहर न जाकर अंदर की तरफ आने लगता है। इसलिए हमेशा ड्रेनेज पाइल को एसी के इनडोर यूनिट से थोड़ा नीचे की तरफ झुकाकर बाहर निकालना चाहिए।
एयर फिल्टर का गंदा होना: जब एयर फिल्टर धूल से भर जाता है, तो एयरफ्लो कम हो जाता है। इससे इवैपोरेटर कॉइल जरूरत से ज्यादा ठंडी होकर बर्फ जमा सकती है। बाद में बर्फ पिघलने पर अतिरिक्त पानी टपकने लगता है।
