यूटिलिटी

Grocery Shopping के इस आसान मंथली फॉर्मूले से बचाएं पैसा, जानिए बचत के तरीके

Grocery Budget Formula: अगर 10,000 रुपये के बजट में हर महीने सिर्फ 10 प्रतिशत की बचत भी हो जाए तो साल भर में करीब 12,000 रुपये बचाए जा सकते हैं।

Image

Grocery Shopping पर ऐसे बचाएं पैसा (AI Generated Image)

Grocery Budget Formula: हर महीने घर के राशन और ग्रॉसरी (Grocery Shopping) पर होने वाला खर्च बजट का एक बड़ा हिस्सा ले लेता है। आटा, चावल, दाल, तेल, मसाले, दूध, साबुन, शैंपू और दूसरी रोजमर्रा की चीजों पर छोटी-छोटी रकम खर्च होती है, लेकिन महीने के अंत तक यही खर्च हजारों रुपये तक पहुंच जाता है। अगर ग्रॉसरी शॉपिंग को बिना प्लान किए किया जाए, तो जरूरत से ज्यादा सामान खरीदने और बेफिजूल पैसे खर्च होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में एक आसान मंथली फॉर्मूला (Grocery budget formula) अपनाकर ग्रॉसरी बजट को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है-

सबसे पहले बनाएं मंथली ग्रॉसरी बजट

महीने की शुरुआत में ग्रॉसरी के लिए एक निश्चित बजट तय करें। उदाहरण के लिए अगर आप हर महीने 10,000 रुपये ग्रॉसरी पर खर्च करते हैं, तो पहले इसे अलग-अलग हिस्सों में बांट लें। जरूरी राशन, डेयरी प्रोडक्ट, घरेलू जरूरत का सामान और दूसरी चीजों के लिए अलग रकम तय की जा सकती है। इससे आपको पता रहेगा कि किस कैटेगरी में कितना खर्च करना है।

70-20-10 का फॉर्मूला अपनाएं

ग्रॉसरी शॉपिंग के लिए 70-20-10 का आसान फॉर्मूला इस्तेमाल किया जा सकता है। कुल बजट का 70 प्रतिशत उन चीजों के लिए रखें, जिनकी हर महीने वास्तव में जरूरत होती है। 20 प्रतिशत उन सामान के लिए रखें, जिन्हें स्टॉक करके खरीदा जा सकता है, खासकर जब अच्छी छूट मिल रही हो। बाकी 10 प्रतिशत को अचानक होने वाली जरूरतों के लिए बचाकर रखें।

लिस्ट के बिना शॉपिंग न करें

ग्रॉसरी खरीदने से पहले घर में मौजूद सामान की जांच करें और जरूरत की चीजों की लिस्ट बनाएं। दुकान या ऑनलाइन स्टोर पर लिस्ट के अलावा दूसरी चीजें देखकर खरीदने से बचें। कई बार ऑफर के नाम पर ऐसी चीजें खरीद ली जाती हैं, जिनकी तुरंत जरूरत नहीं होती।

मंथली और वीकली खरीदारी का बैलेंस रखें

आटा, चावल, दाल, तेल और मसाले जैसी लंबे समय तक चलने वाली चीजें महीने में एक बार खरीदी जा सकती हैं। वहीं दूध, ब्रेड, फल और सब्जियों जैसी जल्दी खराब होने वाली चीजों को जरूरत के हिसाब से हफ्ते में एक बार खरीद सकते हैं। इससे सामान खराब होने और पैसे बर्बाद होने का खतरा कम होता है।

कीमतों की तुलना जरूर करें

किसी भी सामान को खरीदने से पहले अलग-अलग दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उसकी कीमत की तुलना करें। लेकिन केवल डिस्काउंट देखकर सामान न खरीदें। पैक का वजन, यूनिट प्राइस और एक्सपायरी डेट भी जरूर देखें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article