यूटिलिटी

दुर्गा पूजा-छठ-दिवाली पर रेलवे का बड़ा तोहफा: मुंबई से चलेंगी 418 स्पेशल ट्रेनें, जानिए पूरा शेड्यूल और बुकिंग की तारीख!

Durga Puja Diwali Chhath Puja Special Trains 2026: मध्य रेलवे ने दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के लिए मुंबई, पुणे और नागपुर से उत्तर प्रदेश, बिहार, दक्षिण भारत और महाराष्ट्र के लिए 418 स्पेशल ट्रेनें घोषित की हैं।

Image

घर जाने वालों के लिए खुशखबरी! मुंबई-पुणे से यूपी, बिहार और गोवा के लिए 418 स्पेशल ट्रेनें घोषित, चेक करें अपनी ट्रेन का रूट

Photo : iStock

Durga Puja Diwali Chhath Puja Special Trains 2026 : दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे (सेंट्रल रेलवे) ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कुल 418 त्योहार विशेष (फेस्टिवल स्पेशल) ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। ये ट्रेनें महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, नागपुर जैसे प्रमुख शहरों को देश के विभिन्न राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और गोवा से जोड़ेंगी। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) डॉ स्वप्निल नीला के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का संचालन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT), पुणे, हडपसर और नागपुर जैसे मुख्य स्टेशनों से किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए रोजाना स्पेशल ट्रेनें

दिवाली और छठ के दौरान उत्तर भारत, विशेषकर उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या सबसे अधिक होती है। इसे ध्यान में रखते हुए मुंबई और पुणे से गोरखपुर, मऊ और बनारस के लिए कई सेवाएं शुरू की जा रही हैं। मुंबई के CSMT से गोरखपुर के बीच रोजाना 64 फेरों वाली स्पेशल ट्रेन संचालित होगी। गाड़ी संख्या 01079 मुंबई से रोज रात 10:30 बजे रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 01080 गोरखपुर से दोपहर 2:30 बजे खुलकर तीसरे दिन रात 12:40 बजे मुंबई पहुंचेगी। इसके अलावा हडपसर (पुणे) से गोरखपुर के लिए भी रोजाना स्पेशल ट्रेन (01415/01416) चलाई जाएगी।

एलटीटी (LTT) से मऊ के बीच सप्ताह में दो दिन (24 फेरे) और एलटीटी से बनारस के बीच सप्ताह में दो दिन (24 फेरे) स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। ये ट्रेनें ठाणे, कल्याण, नासिक, भुसावल, इटारसी, भोपाल, झांसी, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा, बस्ती और प्रयागराज छिवकी जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकते हुए जाएंगी, जिससे मध्य भारत और पूर्वांचल के यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।

दक्षिण भारत और तटीय इलाकों के लिए स्पेशल एसी सेवाएं

दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी मध्य रेलवे ने कई वातानुकूलित (AC) ट्रेनें शुरू की हैं। मुंबई (CSMT) से चेन्नई बीच के बीच सप्ताह में एक दिन चलने वाली एसी स्पेशल ट्रेन के 12 फेरे लगाए जाएंगे। इसी तरह मुंबई से SMVT बेंगलुरु के बीच 14 साप्ताहिक एसी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो पुणे, सतारा, सांगली, बेलगावी, हुबली और तुमकुरु जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ेंगी।

कोंकण, गोवा और केरल जाने वाले यात्रियों के लिए लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से तिरुवनंतपुरम नॉर्थ के लिए 12 साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें घोषित की गई हैं। यह ट्रेन रत्नागिरी, मडगांव, मंगलोर, कोझिकोड, एर्नाकुलम और कोल्लम जैसे तटीय स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसके साथ ही एलटीटी से मडगांव (गोवा) के बीच भी 14 फेरों वाली साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी।

महाराष्ट्र के आंतरिक रूटों और क्षेत्रीय यात्रियों को बड़ी राहत

महाराष्ट्र के भीतर यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। मुंबई से नागपुर के बीच 12 साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेनें (02139/02140) चलेंगी, जो नासिक, जलगांव, अकोला और वर्धा होकर गुजरेंगी। मुंबई और लातूर के बीच सप्ताह में दो दिन (26 फेरे) स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इसके अलावा मुंबई से कोल्हापुर के लिए भी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का प्रबंध किया गया है।

पुणे, हडपसर और नागपुर से भी कई क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय रूटों के लिए ट्रेनें चलेंगी। इनमें पुणे-न्यू अमरावती एसी स्पेशल (12 फेरे), हडपसर-गाजीपुर सिटी (24 फेरे), नागपुर-हडपसर-नागपुर (35 से अधिक फेरे) और कोल्हापुर-कलबुरागी के बीच हफ्ते में 5 दिन चलने वाली 64 ट्रेन सेवाएं शामिल हैं। इन ट्रेनों से राज्य के भीतर अपने घर जाने वाले यात्रियों का सफर काफी सुविधाजनक हो जाएगा।

टिकट बुकिंग और यात्रा की जानकारी

त्योहारों के दौरान अंतिम समय की भागदौड़ से बचने के लिए रेलवे ने टिकट बुकिंग की तारीखें भी स्पष्ट कर दी हैं। इन स्पेशल ट्रेनों के लिए बुकिंग की शुरुआत 27 सितंबर और 28 सितंबर से दो चरणों में की जा रही है। यात्री अपना टिकट रेलवे स्टेशन के कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों (PRS काउंटर), आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट या रेलवन (RailOne) ऐप के जरिए आसानी से बुक कर सकते हैं। साधारण यानी अनारक्षित डिब्बों में यात्रा करने वाले यात्री स्टेशन परिसर या यूटीएस मोबाइल ऐप के माध्यम से टिकट खरीद सकेंगे।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article