Work from Home Cyber Fraud: इस बात में कोई दो राय नहीं है कि डिजिटल इंडिया में आम आदमी के कई काम काफी आसान हो गए हैं। लेकिन तेजी से डिजिटल हो रहे देश में तेजी से साइबर फ्रॉड के मामलों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। तमाम कोशिशों के बाद भी देश में साइबर फ्रॉड के मामले काबू में नहीं आ रहे हैं। दिल्ली से सटे नोएडा से साइबर फ्रॉड का एक ताजा मामला सामने आया है। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर 73 में रहने वाले एक व्यक्ति से अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन जॉब के नाम पर 1,82,600 रुपए की ठगी कर ली।
घर बैठे मोटी कमाई करने के लालच में फंसा शख्स
थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि सेक्टर 73 में रहने वाले मलिक तहसीम अहमद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कुछ दिन पहले उनके वॉट्सऐप पर एक मैसेज आया। मैसेज करने वाले लोगों ने उनसे कहा कि वे घर बैठे ऑनलाइन काम करके मोटी रकम कमा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उन्हें एक वेबसाइट से जोड़ा और यूट्यूब पर वीडियो लाइक करने के लिए प्रति वीडियो 50 रुपए देने की बात कही।
ज्यादा पैसा कमाने का लालच देकर ठग लिए 1,82,600 रुपए
उन्होंने बताया कि शुरुआत में आरोपियों ने उन्हें कुछ फायदा दिखाया और फिर धीरे-धीरे करके ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर उनसे कई बार करके अपने खाते में 1,82,600 रुपए डलवा लिए। थाना प्रभारी ने बताया कि बाद में तहसीम को ठगी का अहसास हुआ। जिसके बाद उसने पुलिस में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आपके पास भी आए ऐसा ऑफर को क्या करें
अगर आपको भी वॉट्सऐप पर, फोन कॉल पर या ईमेल पर घर बैठे काम करके मोटा पैसा कमाने का ऑफर मिले तो सतर्क हो जाएं। सबसे बड़ी बात ये है कि ऐसे ऑफर में ज्यादा पैसे कमाने के लालच में आकर कभी भी किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें। अगर कोई व्यक्ति ज्यादा पैसा कमाने के नाम पर आपसे पैसों की डिमांड करें तो समझ जाएं कि आप साइबर फ्रॉड के जाल में फंस रहे हैं।
भाषा इनपुट्स के साथ
