अमृतसर: पंजाब के गांव जलाल उसमां में आवारा कुत्तों ने एक गरीब परिवार का चिराग बुझा दिया है। गांव में आवारा कुत्तों के झुंड ने 8 वर्षीय मासूम बच्चे पर जानलेवा हमला कर उसे इतनी बेरहमी से नोचा कि बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान रंजीत सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। रंजीत अपनी तीन बड़ी बहनों का सबसे छोटा और इकलौता भाई था। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और प्रशासन के प्रति भारी रोष व्याप्त है।
स्कूल जाते समय ग्राउंड के पास हुआ हादसा
परिवार और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, 8 वर्षीय रंजीत सिंह सुबह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। रास्ते में गांव के ग्राउंड के पास अचानक आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया। मासूम बच्चा अपनी जान बचाने के लिए ग्राउंड की तरफ भागा, लेकिन आदमखोर हो चुके कुत्तों ने उसे चारों तरफ से घेरकर जमीन पर गिरा लिया। कुत्तों ने मासूम को सिर, टांगों और चेहरे से बुरी तरह नोच डाला, यहां तक कि उसका दायां कान भी खा लिया। आसपास कोई मौजूद न होने के कारण बच्चा खुद को बचा नहीं सका और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाद में जब लोगों ने ग्राउंड में बच्चे का लहूलुहान शव देखा, तो पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई।
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पहले ही गिर चुकी है घर की छत
गांव निवासी रिछपाल सिंह और गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मृतक रंजीत सिंह के पिता सुखविंदर सिंह की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। यह परिवार पहले से ही कुदरत की मार झेल रहा है। पिछले साल हुई भारी बारिश के दौरान इनके मकान की छत गिर गई थी, जिसके बाद से परिवार ने अपना सामान दूसरों के घरों में रखा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए बताया कि मकान गिरने के बाद सुखविंदर सिंह ने सरकारी मुआवजे के लिए आवेदन किया था, लेकिन विभागीय कर्मचारियों की गलती से कागजों में 'सुखविंदर सिंह पुत्र सुच्चा सिंह' की जगह 'सुखविंदर कौर पुत्री सुच्चा सिंह' दर्ज कर दिया गया। इस त्रुटि के कारण गरीब परिवार को आज तक मकान का मुआवजा भी नहीं मिल पाया है, जिसके लिए डीसी कार्यालय में आरटीआई भी लगाई गई थी।
गांव में पहले भी हो चुके हैं हादसे, प्रशासन से मुआवजे की गुहार
मृतक के रिश्तेदार जोगिंदर सिंह ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है और पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस अत्यंत गरीब परिवार को बेटे की मौत का उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए और साथ ही पिछले साल गिरे मकान का रुका हुआ मुआवजा भी जल्द से जल्द जारी किया जाए।पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चा स्कूल जा रहा था, तभी आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों के नोचने के कारण बच्चे के सिर और टांगों पर गहरे घाव थे और उसका कान भी गायब था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर धारा 174 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के लिए बाबा बकाला साहिब अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारी ने यह भी आश्वासन दिया कि गांव में आवारा कुत्तों की समस्या पर काबू पाने और पीड़ित परिवार की सहायता के लिए संबंधित विभाग और डीसी साहब को लिखित रिपोर्ट भेजी जाएगी।
