बिजनेस

Jensen Huang Returns To Nvidia: अफेयर, चीन कनेक्शन और ट्रंप की एंट्री, एनवीडिया के CEO विवाद में कब क्या हुआ?

Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग ने अफेयर विवाद के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, हालांकि महज 11 दिन में ही उनकी कंपनी में वापसी भी हो गई है। आइए चीनी जासूसी के आरोप, ट्रंप की एंट्री और बोर्ड के फैसले से उनकी दोबारा वापसी तक पूरा घटनाक्रम जानते हैं।

Image

शुरुआत एक महिला और चीन कनेक्शन से हुई/Photo- AI

दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनियों में शामिल Nvidia में पिछले कुछ हफ्तों के दौरान ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री से लेकर अमेरिकी राजनीति तक हलचल मचा दी। कंपनी के CEO जेन्सेन हुआंग (Jensen Huang) की निजी जिंदगी से जुड़ा एक कथित अफेयर धीरे-धीरे चीन के जासूसी कनेक्शन, अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा और अरबों डॉलर के चिप कारोबार तक पहुंच गया।

हालात ऐसे बने कि Nvidia के बोर्ड ने पहले उनकी विदाई का रास्ता चुना और फिर कुछ ही दिनों बाद उन्हें दोबारा CEO बना दिया। इस पूरे मामले में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एंट्री ने भी काफी चर्चा बटोरी। आइए समझते हैं कि आखिर यह पूरा विवाद कैसे शुरू हुआ और इसमें कब क्या हुआ।

शुरुआत एक महिला और चीन कनेक्शन से हुई

इस विवाद के केंद्र में एलिस हुआंग (Alice Huang) नाम की एक कारोबारी महिला हैं। उनका जेन्सेन हुआंग से कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है। वह सिंगापुर की कंपनी Megaspeed International से जुड़ी रही हैं। यह कंपनी AI डेटा सेंटर और Nvidia के चिप कारोबार से संबंधित है।

अमेरिकी जांच एजेंसियों को एलिस हुआंग पर चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का संदेह था। अक्टूबर 2025 में जेन्सेन हुआंग और एलिस के संबंधों को लेकर सवाल उठने लगे थे। अमेरिकी अधिकारियों की जांच का एक अहम हिस्सा यह भी था कि Megaspeed के जरिए Nvidia के हाईब्रिड AI चिप चीन तक तो नहीं पहुंचाए जा रहे थे, जबकि अमेरिका ने ऐसे निर्यात पर पाबंदियां लगा रखी हैं।

चीन को चिप सप्लाई का मामला कैसे जुड़ा?

दरअसल, अमेरिका और चीन के बीच AI चिप की तकनीक को लेकर लंबे समय से तनाव है। अमेरिका चाहता है कि उसकी सबसे उन्नत चिप तकनीक चीन की सैन्य और रणनीतिक क्षमताओं को मजबूत करने के लिए इस्तेमाल न हो। इसी वजह से Nvidia के कुछ एडवांस्ड प्रोसेसर के चीन को निर्यात पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसी बीच Megaspeed का नाम जांच के दायरे में आया।

Nvidia के CEO जेनसेन हुआंग

Nvidia के CEO जेनसेन हुआंग

अमेरिकी अधिकारियों को आशंका थी कि कंपनी के जरिए प्रतिबंधित चिप चीन तक पहुंचाई जा सकती हैं। दिसंबर 2025 में ट्रंप प्रशासन ने Nvidia के H200 चिप कुछ मंजूर ग्राहकों को चीन में बेचने की अनुमति देने का फैसला किया था। इस कारोबार पर अमेरिकी सरकार की भी हिस्सेदारी तय की गई थी। ऐसे में एलिस हुआंग और Megaspeed से जुड़े सवाल Nvidia के लिए केवल निजी विवाद नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बन गए।

नवंबर में जेन्सेन हुआंग ने स्वीकार किया अफेयर

नवंबर 2026 की शुरुआत में मामला और गंभीर हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स में एलिस हुआंग के साथ जेनसन के कथित संबंधों की चर्चा तेज हुई। 8 नवंबर को जेन्सेन हुआंग ने Nvidia के कर्मचारियों को लिखे एक पत्र में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की और इसके लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनके किए की कोई सफाई नहीं हो सकती और उन्हें अपने परिवार को पहुंची तकलीफ का अफसोस है।

इसी दौरान एक दूसरी रिपोर्ट में Nvidia की वरिष्ठ अधिकारी किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी उनके कथित संबंधों का दावा किया गया। बताया गया कि कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने इस बारे में जानकारी दी थी। हालांकि, इन अतिरिक्त दावों को कंपनी या स्वतंत्र जांच से स्थापित तथ्य नहीं माना जाना चाहिए।

12 नवंबर को छोड़ना पड़ा CEO का पद

विवाद बढ़ने के बाद Nvidia के बोर्ड ने जेन्सेन हुआंग के भविष्य पर विचार किया। 12 नवंबर को कंपनी ने उनके CEO और बोर्ड सदस्य पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी। उनकी जगह कंपनी की CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया गया। बोर्ड ने पहले ही इस मामले की जांच शुरू कर दी थी। जांच का मकसद यह पता लगाना था कि जेनसन के कथित संबंधों का कंपनी के कारोबारी हितों, गोपनीय जानकारियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों पर कोई असर पड़ा या नहीं। इस फैसले ने AI इंडस्ट्री में भी चिंता पैदा कर दी, क्योंकि Nvidia के कारोबार और रणनीति में हुआंग की भूमिका बेहद अहम रही है।

ट्रंप की एंट्री और हुआंग की वापसी

जेनसन के इस्तीफे के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनके समर्थन में बयान देना शुरू किया। ट्रंप ने कहा कि वह हुआंग को दोबारा Nvidia का CEO बनते देखना चाहेंगे। इस बीच उनकी वापसी की मांग को लेकर एक ऑनलाइन याचिका भी सामने आई, जिस पर बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर किए। एलन मस्क और Epic Games के CEO टिम स्वीनी जैसे कारोबारी चेहरों ने भी उनकी वापसी का समर्थन किया। हालांकि, शुरुआत में Nvidia के बोर्ड ने उनके लौटने की संभावना से इनकार किया था।

ट्रंप की एंट्री से जेन्सेन की वापसी

ट्रंप की एंट्री से जेन्सेन की वापसी

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भी कंपनी में बाहरी CEO लाने की जरूरत की बात कही थी। इस दौरान जेन्सेन हुआंग ने भी कहा था कि अगर बोर्ड कंपनी के हित में उनकी वापसी चाहता है तो वह इसके लिए सम्मानित महसूस करेंगे। उन्होंने अमेरिकी सांसदों के सामने पेश होकर सवालों का जवाब देने पर भी सहमति जताई।

23 नवंबर को बोर्ड ने पलटा फैसला

23 नवंबर को Nvidia ने अचानक घोषणा की कि जेन्सेन हुआंग को फिर से कंपनी का प्रेसिडेंट, CEO और बोर्ड डायरेक्टर नियुक्त किया जा रहा है। बोर्ड ने सर्वसम्मति से उनकी वापसी को मंजूरी दी। कंपनी के मुताबिक, बोर्ड ने हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत की और उनके जवाबों तथा नेतृत्व क्षमता पर संतोष जताया।

इस प्रक्रिया के दौरान अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी इनपुट लिया गया। बोर्ड का कहना था कि मिली जानकारी के आधार पर हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। इस तरह महज 11 दिनों के भीतर कंपनी में CEO को लेकर बड़ा बदलाव हो गया और अंतरिम CEO कोलेट क्रेस अपनी CFO की जिम्मेदारी पर लौट आईं।

ट्रंप ने फैसले को बताया सही, हुआंग को कहा देश की संपत्ति

Nvidia के फैसले के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर इसकी तारीफ की। उन्होंने लिखा कि Nvidia बोर्ड ने जेन्सेन हुआंग को CEO पद पर वापस लाने का सही फैसला किया है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सफलता और समृद्धि के लिए Nvidia में हुआंग का नेतृत्व जरूरी है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार के पास उनकी वापसी को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा मानने का कोई कारण नहीं है।

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी अटॉर्नी जनरल ने पुष्टि की है कि सरकार के पास हुआंग के किसी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होने का सबूत नहीं है। उन्होंने हुआंग को 'ग्रेट पैट्रियट' और 'नेशनल ट्रेजर' यानी राष्ट्रीय धरोहर बताया। हालांकि, ट्रंप ने साथ ही Nvidia को अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों के पालन की अपनी आंतरिक जांच जारी रखने की सलाह भी दी।

वापसी पर क्या बोले जेन्सेन हुआंग?

CEO की कुर्सी पर लौटने के बाद जेन्सेन हुआंग ने भी कंपनी और अपने समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक क्रांति की शुरुआत में दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक का नेतृत्व करने के लिए Nvidia में लौटना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने यह जिम्मेदारी पूरी विनम्रता और नई प्रतिबद्धता के साथ संभालने की बात कही। हुआंग ने बोर्ड के चेयरमैन हार्वे जोन्स, CFO कोलेट क्रेस, कंपनी के कर्मचारियों, शेयरधारकों, इंडस्ट्री के नेताओं और दुनियाभर के सहयोगियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने अपने परिवार के प्यार और समर्थन के लिए भी आभार जताया। अपने बयान के अंत में उन्होंने कहा कि वह जल्द से जल्द काम पर लौटने के लिए उत्साहित हैं।

वापसी के बाद भी कई सवाल बाकी

जेन्सेन हुआंग की CEO पद पर वापसी से विवाद भले ही एक नया मोड़ ले चुका है, लेकिन जांच पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। Nvidia को अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों के पालन की अपनी आंतरिक जांच जारी रखनी है। Megaspeed और चीन को चिप सप्लाई से जुड़े सवाल भी अहम बने हुए हैं। इसके अलावा अमेरिकी सांसदों के सामने हुआंग को पेश होकर जवाब देना है।

कंपनी और उसके बोर्ड के लिए यह भी जरूरी होगा कि भविष्य में ऐसे मामलों से जुड़े जोखिमों की निगरानी के लिए बेहतर व्यवस्था बनाई जाए। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम ने एक बात साफ कर दी है कि AI चिप की दुनिया में Nvidia का महत्व सिर्फ कारोबार तक सीमित नहीं है। कंपनी का नेतृत्व अब अमेरिकी आर्थिक हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा की बहस से भी जुड़ चुका है।

बाजार पर असर

जेन्सेन हुआंग की वापसी की घोषणा का असर Nvidia के शेयरों पर भी दिखाई दिया। रॉयटर के मुताबिक, इस खबर के बाद कंपनी के शेयरों में करीब 33 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इससे पता चलता है कि निवेशकों के लिए हुआंग की वापसी कितनी महत्वपूर्ण थी।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article