अहमदाबाद में ड्रग्स के खिलाफ चल रही ‘नो ड्रग्स इन अहमदाबाद’ मुहिम के तहत सोमवार को सरखेज इलाके में बड़ी कार्रवाई की गई। अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने पुलिस की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर बने दो अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। पुलिस के मुताबिक, ये निर्माण NDPS मामले के आरोपी सुनीता राठौड़ और उसके पति दीपक राठौड़ से जुड़े हैं।
अहमदाबाद जोन-7 के DCP शिवम वर्मा ने बताया कि सुनीता और दीपक राठौड़ के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस दौरान उनके घर से करीब 2.2 किलो गांजा और 53 लाख रुपये नकद बरामद हुए थे। जांच के दौरान आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों की पहचान की गई, जिसके बाद AMC ने अवैध निर्माणों को गिराने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए 50 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। मौके पर दो JCB मशीनों और AMC के कर्मचारियों की मदद से डिमोलिशन किया गया।
ड्रग्स के कारोबार से जुड़ी संपत्तियों की भी होगी जांच
डीसीपी शिवम वर्मा ने कहा कि अहमदाबाद शहर पुलिस NDPS एक्ट के तहत अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। जांच के दायरे में आरोपियों की संपत्तियों को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अगर कोई अवैध संपत्ति सामने आती है तो इसकी जानकारी AMC को दी जाएगी। नगर निगम के सहयोग से संबंधित अवैध निर्माण पर कार्रवाई की जाएगी।”
जब डीसीपी से पूछा गया कि क्या आरोपियों का घर पहले भी गिराया गया था और जेल से छूटने के बाद उन्होंने दोबारा निर्माण कर लिया था, तो उन्होंने कहा कि पुलिस इस इलाके पर लगातार नजर रखेगी। दोबारा अवैध निर्माण की कोशिश होने पर AMC को जानकारी देकर कार्रवाई कराई जाएगी।
एएमसी ने कहा, सरकारी जमीन पर थे दो निर्माण
एएमसी के असिस्टेंट टाउन डेवलपमेंट ऑफिसर हितेश चौहान ने बताया कि संबंधित जगह सरकारी जमीन है और वहां अतिक्रमण किया गया था। फिलहाल दो निर्माणों को गिराया जा रहा है। चौहान के मुताबिक, AMC ने करीब दो साल पहले भी इस जगह पर डिमोलिशन किया था। हालांकि, मौजूदा कार्रवाई जिन निर्माणों पर हो रही है, वे नए बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र का सर्वे करने के बाद अन्य अतिक्रमणों की पहचान की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी।
एनडीपीएस आरोपियों की संपत्तियों की होगी 360 डिग्री जांच
डीसीपी वर्मा ने कहा कि NDPS मामलों में शामिल छोटे या बड़े सभी आरोपियों की संपत्तियों की जांच की जाएगी। यदि जांच में ड्रग्स के अवैध कारोबार से अर्जित रकम से बनाई गई कोई अवैध संपत्ति या निर्माण सामने आता है, तो संबंधित विभागों के सहयोग से कार्रवाई की जाएगी।
अहमदाबाद शहर पुलिस और एएमसी ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य ड्रग्स से जुड़ी अवैध गतिविधियों पर सख्ती करना और ऐसी गतिविधियों से जुड़ी अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन पर कार्रवाई करना है।
गुप्त सूचना पर सुनीता के घर में छापा, 2.174 किलो गांजा मिला
एफआईआर के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 को LCB जोन-7 और सरखेज पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सुनीता दीपककुमार राठौड़ (42), निवासी मकान नंबर 233, कैलाश तलाव, सन्यास आश्रम के पास, सरखेज, अपने घर में अवैध रूप से गांजा रखकर बेचती है और उसे आगे सप्लाई करने की तैयारी में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम सरकारी पंचों और वीडियोग्राफर के साथ सुनीता के घर पहुंची। तलाशी के दौरान एक कमरे में मंदिर के पास रखे लोहे के बैरल को हटाने पर सफेद प्लास्टिक के थैले में गांजा मिला। इसके साथ 28 खाली सफेद जिप बैग भी बरामद किए गए। कमरे में रखी लोहे की अलमारी से अलग-अलग मूल्यवर्ग के नोटों में नकदी भी मिली।
एफआईआर में दर्ज विवरण के अनुसार, मौके पर गांजे की पहचान के लिए FSL अधिकारी आर.बी. मजमूदार को बुलाया गया। उन्होंने प्राथमिक जांच में बरामद वनस्पति पदार्थ को गांजा बताया। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराया गया। थैले सहित कुल वजन 2 किलो 198 ग्राम और खाली प्लास्टिक डिब्बे का वजन 733 ग्राम दर्ज किया गया। इस तरह गांजे का शुद्ध वजन 2 किलो 174 ग्राम निकला। इसकी कीमत 1,08,700 रुपये आंकी गई।
नकदी में 500, 200 और 100 रुपये के नोट
एफआईआर के मुताबिक, घर से कुल 53,51,100 रुपये नकद बरामद हुए। इसमें 500 रुपये के 10,238 नोट यानी 51,19,000 रुपये, 200 रुपये के 521 नोट यानी 1,04,200 रुपये और 100 रुपये के 1,279 नोट यानी 1,27,900 रुपये शामिल थे। गांजे की कीमत 1,08,700 रुपये और नकदी 53,51,100 रुपये मिलाकर कुल 54,59,800 रुपये का माल जब्त किया गया। पुलिस ने गांजे और उससे जुड़े सामान को सील कर जांच के लिए कब्जे में लिया।
एफआईआर में सुनीता के पति दीपक राठौड़ का नाम भी शामिल है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांजे का जखीरा दीपक लेकर आया था। पुलिस ने सुनीता और दीपक के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8(C), 20(B)(ii)(B) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। FIR में यह भी कहा गया है कि जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
