यूटिलिटी

पेरेंट्स ध्यान दें! कहीं बेकार न हो जाए बच्चे का Aadhaar Card, तुरंत करें ये काम; Free मिल रही सर्विस

Aadhaar Update Alert: क्या आप जानते हैं कि आपके बच्चे का आधार कार्ड कभी भी अमान्य (Invalid) हो सकता है? जी हां, यूआईडीएआई (UIDAI) के नियमों के अनुसार 5 और 15 साल की उम्र होने पर बायोमेट्रिक अपडेट करवाना अनिवार्य है।

Image

कहीं बेकार न हो जाए बच्चे का आधार कार्ड (Photo: X handle/@UIDAI)

Aadhaar Update Alert: आधार कार्ड भारतीय नागरिकों के लिए उनकी पहचान को सत्यापित करने वाला एक महत्वपूर्ण सरकारी डॉक्यूमेंट है। घर से बाहर निकलने पर हर दूसरे काम में आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है। इस डॉक्यूमेंट में आपकी सभी जानकारियां अप-टू-डेट होनी जरूरी हैं। आधार कार्ड अपडेट को लेकर ही यूआईडीएआई (Unique Identification Authority of India) की ओर से एक जरूरी जानकारी दी जा रही है। यूआईडीएआई की ओर से सभी अभिभावकों को उनके बच्चे का आधार कार्ड अप-टू-डेट रखने की सलाह दी जा रही है। इसके लिए बच्चे के आधार कार्ड को लेकर बायोमेट्रिक अपडेट करवाना होगा।

बच्चे का बायोमेट्रिक अपडेट कब करवाएं

यूआईडीएआई का कहना है कि 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर बायोमेट्रिक अपडेट कराना आवश्यक होता है, ताकि पहचान संबंधी जानकारी सटीक और अपडेटेड बनी रहे।

बायोमेट्रिक अपडेट क्या होता है

सबसे पहले तो यही समझें कि बायोमेट्रिक अपडेट में कौन-सी जानकारियों को अपडेट किया जाएगा। दरअसल, बायोमेट्रिक अपडेट में बच्चे के आधार कार्ड में दर्ज फिंगरप्रिंट, आईरिस और फोटो को अपडेट किया जाएगा।

बायोमेट्रिक अपडेट की कितनी है फीस

  • अगर आपके बच्चे की उम्र 7 से 15 वर्ष के बीच है तो बायोमेट्रिक अपडेट करवाने पर यह सुविधा 30 सितंबर 2026 तक मुफ्त रहेगी। हालांकि, 30 सितंबर 2026 के बाद इसी सर्विस के लिए चार्जेस लग सकते हैं।
  • नियमों के अनुसार अगर यह अपडेट 5 से 7 साल के उम्र के बच्चे के लिए पहली बार करवा रहे हैं तो इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
  • 15 से 17 साल के बच्चे के लिए पहली और दूसरी बार बायोमेट्रिक अपडेट करवाने पर भी यह सर्विस मुफ्त रहेगी
  • इन स्थितियों के अलावा अगर बायोमेट्रिक अपडेट करवाया जाता है तो इसके लिए 125 रुपए का शुल्क देना पड़ता है।

कहां होगा बायोमेट्रिक अपडेट

बच्चे के बायोमेट्रिक अपडेट के लिए आपको आधार सेंटर जाने की जरूरत होगी। इसके लिए आप अपने नजदीकी आधार सेंटर विजिट कर सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article