जाको राखे साइयां मार सके न कोय! सड़क पर भीषण एक्‍सीडेंट में बाल-बाल बचा बच्‍चा, वायरल हो रहा वीडियो

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 23, 2022, 09:55 PM IST

सड़क पर भीषण एक्‍सीडेंट देख लोगों की जान हलक में आ गई थी। लेकिन फिर चंद सेकेंड्स में उन्‍होंने जो कुछ भी देखा, वह किसी चमत्‍कार से कम नहीं था। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जाको राखे साइयां मार सके न कोय! सड़क पर भीषण एक्‍सीडेंट में बाल-बाल बचा बच्‍चा, वायरल हो रहा वीडियो

कन्‍नूर : केरल के कन्‍नूर से एक भयानक सड़क‍ दुर्घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि क‍िस तरह बाइक से टकराकर एक बच्‍चा बीच सड़क गिर जाता है, वह भी ऐसी जगह जहां गाड़‍ियां खूब आ-जा रही हैं। वहीं सामने से एक बस भी आ रही थी, जिसकी चपेट में आकर 9 साल के मासूम की साइकिल बुरी तरह चकनाचूर हो गई। सड़क से गुजर रहे लोगों की जान हलक में आ गई थी, लेकिन तभी बच्‍चे को सही सलामत देख सबने राहत की सांस ली।

कन्‍नूर से जो वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि सड़क से किस तरह तेज रफ्तार के साथ गाड़‍ियां चल रही हैं। तभी लाल रंग की टी-शर्ट में एक बच्‍चा तेज गति से साइकिल चलाता हुआ सड़क के बीचो-बीच आ आता है और इसमें बाइक से उसकी टक्‍कर हो जाती है। ऐन उसी वक्‍त पर पीछे से बस भी आ रही थी। हालांकि गनीमत रह रही कि बाइक से टक्‍कर के बाद बच्‍चा सड़क पर गिरकर दूर छिटक गया था और सड़क के दूसरे किनारे जा पहुंचा था।

कैमरे में कैद हुई घटना

इस भीषण एक्‍सीडेंट को देखकर वहां से गुजर रहे लोगों की जान हलक में आ गई थी। बस जिस तरह से साइकिल को रौंदते हुए निकल गई थी, उसे देखते हुए लोगों के मन में और भी कई तरह की आशंकाएं आ रही थीं और बस के पीछे आ रही तमाम गाड़‍ियां थमती गईं और लोग भी घटनास्‍थल की तरफ बढ़ने लगे। लेकिन तभी बच्‍चे को सड़क किनारे सही-सलामत देख सबकी जान में जान आई और उन्‍होंने राहत की सांस ली।

वीडियो में बस के गुजरते ही देखा जा सकता है कि किस तरह बच्‍चा गिरने के बाद सड़क के दूसरे किनारे पहुंच जाता है और कुछ ही सेकंड में फिर खड़ा होकर हैरानी से सब देखता रह जाता है। मानो कुछ पल के लिए वह खुद भी समझ नहीं पा रहा हो कि यह सब कैसे और क्‍या हो गया। यह घटना रविवार (20 मार्च) को शाम करीब 4:26 बजे की बताई जा रही है, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!