यूपीएससी परीक्षा के परिणाम घोषित हो चुके हैं। रिजल्ट आने के बाद जहां टॉप करने और कामयाब रहने वाले उम्मीदवारों की चर्चा है, वहीं दूसरी तरफ एक कैंडिटेड भी सुर्खियों में हैं, जिन्हें 10 प्रयासों के बाद भी कामयाबी नहीं मिली। उन्होंने जब सोशल मीडिया पर दर्द भरी दास्तां बयां की तो कई आईएएस और आईपीएस अधिकारियों ने हमदर्दी जताई।
कुणाल विरुलकर इन दिनों चर्चा में हैं और लोग उन्हें हिम्मत बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं। कुणाल का कहना है कि सिविल सर्विसेज के लिए उन्होंने कुल 10 अटेंप्ट में 6 बार मेन्स और 4 बार इंटरव्यू दिए फिर भी यूपीएससी में उनका चयन नहीं हो सका। अपना दुख जाहिर करते हुए वह कहते हैं कि किस्मत में अब न जाने क्या लिखा है। उनका यह ट्वीट अब यूपीएससी परीक्षा पास करने वाले छात्रों की कामयाबी की तरह वायरल हो रहा है। उनके इस ट्वीट को अब तक 32 हजार से अधिक लाइक मिल चुके हैं। कई आईएएस अधिकारियों समेत हजारों लोगों ने इस पर कमेंट करके उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया है।
कुणाल के लिए लिखते हुए आईपीएस दीपांशु काबरा ने कहा कि चिंता मत करिए कुनाल आपके भाग्य में जरूर कुछ अच्छा और होगा और आप अपने इस जीवन में अवश्य सफल होंगे। दीपांशु ऐसे अकेले अधिकारी नहीं थे जिन्होंने कुणाल के लिए सहानुभूति जताई। एक अन्य आईएएस अधिकारी जितिन यादव ने लिखा, कुणाल आप एक आत्मविश्वासी व्यक्ति हैं और आपके भाग्य में यूपीएससी से भी बेहतर कुछ लिखा गया है।
आईएएस अधिकारी नितिन यादव ने भी कुणाल से कहा कि आपके पास बेजोड़ क्षमता और दृढ़ता है जीवन में आपको अवश्य ही कामयाबी मिलेगी। यूपीएससी परीक्षा का रिजल्ट जारी होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसे युवाओं के लिए भी संदेश जारी किया था जो यह परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर सके। उन्होंने कहा था कि मैं उन लोगों की निराशा को पूरी तरह से समझता हूं जो सिविल सेवा परीक्षा को पास नहीं कर सके लेकिन मैं यह भी जानता हूं कि ये उत्कृष्ट युवा हैं, जो किसी भी क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ेंगे और भारत को गौरवान्वित करेंगे। उन्हें मेरी शुभकामनाएं।

