प्लेन के अंदर सिगरेट पीते हुए बॉबी कटारिया का वीडियो वायरल, सुरक्षा पर उठे सवाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 11, 2022, 03:09 PM IST

Bobby Kataria Viral Video: सोशल मीडिया पर बॉबी कटारिया का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो प्लेन के अंदर सिगरेट पीते नजर आ रहा है। इस वीडियो को देखकर लोग भड़क गए हैं।

प्लेन के अंदर सिगरेट पीते हुए बॉबी कटारिया का वीडियो वायरल, सुरक्षा पर उठे सवाल

Bobby Kataria Viral Video: सोशल मीडिया पर कब, कौन सा मामला चर्चा का विषय बन जाए कुछ कहा नहीं जा सकता? ताजा मामला सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर बॉबी कटारिया का है, जिसका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कटारिया प्लेन के अंदर सिगरेट पीते हुए नजर आ रहा है। जैसे ही ये वीडियो वायरल हुआ हड़कंप मच गया। इतना ही नहीं सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इस मामले पर कटारिया और नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो ने भी प्रतिक्रिया दी है। तो आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला? 

दरअसल, विमान नियम, 1937 के तहत भारत में इन-फ्लाइट धूम्रपान प्रतिबंधित है। फिर भी, अगर कोई यात्री अपने साथ सिगरेट ले जाता है, तो इस बात की बहुत कम संभावना है कि कोई सुरक्षा जांच के दौरान बच जाए। लेकिन, एक शख्स जिसका नाम बॉबी कटारिया है स्पाइसजेट विमान के अंदर सिगरेट जलाने में कामयाब रहा और उसे धूम्रपान करते देखा गया। बलविंदर कटारिया उर्फ ​​बॉबी गुड़गांव जिले के बसई गांव का रहने वाला है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पीठ के बल वो सीट पर लेटा है और आराम से सिगरेट फूंक रहा है। हालांकि, कटारिया का वीडियो किसने बनाया इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। 

वीडियो पर मचा बवाल

इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है और कई लोगों ने सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। यूजर्स केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। वहीं, इस मामले पर नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो का कहना है कि यह वीडियो पुराना है। इस साल 23 जनवरी को कटारिया ने दुबई से नई दिल्ली की यात्रा की थी उस दौरान का यह मामला है। वहीं, कटारिया का भी कहना है कि यह वीडियो विदेश का है। गौरतलब है कि भारत में विमान के अंदर कोई ऐसा करता है तो दो साल तक की कैद या 10 लाख रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान है। इतना ही नहीं यात्रियों पर आजीवन प्रतिबंध भी लग सकता है। यहां आपको बता दें कि इससे पहले बॉबी कटारिया के कई विवादित वीडियो सामने आ चुके हैं। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!