देश

'बुलेटप्रूफ शीशा मोदी-फडणवीस सरकारों की नाकामी का प्रतीक', अमिताभ बच्चन की सुरक्षा पर कांग्रेस का हमला

बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे खड़े बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन को लेकर कांग्रेस ने मोदी और फडणवीस सरकारों पर निशाना साधा। पार्टी ने इसे सरकारों की विफलता बताया।

Image

बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे खड़े बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन

महाराष्ट्र कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पिछले सप्ताह बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन का प्रशंसकों का बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से अभिवादन करना केंद्र और राज्य सरकारों की ’विफलता’ को दर्शाता है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने एक बयान में कहा कि रविवार को यह शीशा हटा दिया गया।उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह फैसला आलोचना के बाद लिया गया या सत्तारूढ़ भाजपा के दबाव में ऐसा किया गया। सावंत ने कहा कि इसकी वजह खुद अभिनेता ही बता सकते हैं।

उन्होंने सवाल किया, 'बुलेटप्रूफ शीशा तो हटा दिया गया, लेकिन बॉलीवुड के अभिनेताओं, कलाकारों, निर्माताओं और निर्देशकों के मन से डर कब दूर होगा?'

'फिल्म जगत को सुरक्षित माहौल कब मिलेगा'

कांग्रेस नेता ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बताना चाहिए कि फिल्म जगत को सुरक्षित माहौल कब मिलेगा।उन्होंने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लिये बिना आरोप लगाया कि डर का माहौल पैदा करने वाला गैंगस्टर गुजरात की साबरमती जेल में आराम से बंद है।सावंत दावा किया कि बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे खड़े होकर प्रशंसकों का अभिवादन करने की घटना केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी और महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली ’डबल इंजन’ सरकारों की विफलता को दर्शाती है।

बच्चन कई वर्षों से अपने जुहू स्थित बंगला ’जलसा’ के बाहर जमा होने वाले प्रशंसकों से मिलते रहे हैं। हालांकि, पिछले सप्ताह पहली बार वह बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे खड़े दिखाई दिए। इस घटना के बाद विपक्ष ने सरकार की आलोचना की।विपक्षी नेताओं ने कहा कि यह दृश्य भाजपा शासन में कानून-व्यवस्था की ’खराब’ स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि मशहूर अभिनेता को अपने ही घर में बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे खड़े होने की जरूरत क्यों पड़ी।

ईमेल में बच्चन के आवास पर बम धमाके की धमकी दी गई थी

पिछले सप्ताह सुरक्षा की अतिरिक्त व्यवस्था उस ईमेल के बाद की गई थी, जो मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े को भेजा गया था। इस ईमेल में बच्चन के आवास पर बम धमाके की धमकी दी गई थी।हाल के महीनों में बॉलीवुड की कई हस्तियों को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से धमकियां मिली हैं। अठारह अक्टूबर को दो हमलावरों ने जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच गोलियां चलाई थीं। छत्तीस-वर्षीय अभिनेता इस हमले में बाल-बाल बच गए थे, जबकि उनकी कार का चालक और एक राहगीर घायल हो गए थे।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article